Report by : CWN Desk
Published at :
पिथौरागढ़: करवाचौथ पर पत्नी को साड़ी देने के लिए बुजुर्ग व्यापारी से लूटपाट

पिथौरागढ़। करवाचौथ के दिन पत्नी को साड़ी उपहार में देने की चाहत एक युवक को अपराध की राह पर ले गई। पिथौरागढ़ में 72 वर्षीय बुजुर्ग व्यापारी से लूटपाट करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने वारदात को सिर्फ इसलिए अंजाम दिया ताकि पत्नी को साड़ी और कुछ उपहार दे सके। पुलिस ने आरोपी से लूट की धनराशि और खरीदी गई साड़ी समेत अन्य सामान बरामद किया है।
घटना 10 अक्तूबर की सुबह की है, जब नगर के तिलढुकरी निवासी बुजुर्ग व्यापारी फय्याज खान अपने काम से जा रहे थे। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उन्हें धक्का देकर 24 हजार रुपये से भरा बैग छीन लिया और फरार हो गया। इस दौरान फय्याज खान गिरकर घायल भी हो गए। घटना की जानकारी पर उनके पौते मो. शाहनवाज खान ने पिथौरागढ़ कोतवाली में तहरीर दी।
कोतवाल ललित मोहन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। आस-पास के लोगों से पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की गहन पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवक की पहचान सागर के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सागर ने बताया कि वह करवाचौथ पर पत्नी को साड़ी और अन्य सामान देना चाहता था, लेकिन आर्थिक तंगी के कारण उसने लूट की योजना बनाई। लूटे गए पैसों से उसने पत्नी के लिए साड़ी और कुछ सामग्री खरीदी थी। पुलिस ने आरोपी के पास से 17 हजार 130 रुपये नकद और खरीदी गई साड़ी बरामद की।
जांच में पता चला कि सागर आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है और उसके खिलाफ पहले से गैंगस्टर एक्ट, एनडीपीएस समेत पांच मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस टीम में उप निरीक्षक कमलेश चंद्र जोशी और हीरा सिंह डांगी शामिल रहे। आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›