Report by : CWN Desk
Published at :
कांवड़ यात्री की कार की चपेट में आकर मौत, आरोपी चालक फरार

रामनगर। ग्राम गर्जिया में गुरुवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में स्कूली बच्चों से भरे टेम्पो को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसा उस वक्त हुआ जब टेम्पो चालक सुंदरखाल और देवीचौड़ गांव के बच्चों को ढिकुली स्थित राजकीय इंटर कॉलेज लेकर जा रहा था। हादसे में आठ बच्चे, एक बुजुर्ग और टेम्पो चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। टेम्पो चालक नवीन अधिकारी, जो टेड़ा रोड, रामनगर का निवासी है, रोज की तरह बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहा था। जैसे ही वह गर्जिया के पास पहुंचा, सामने से एक कार ने गलत साइड से आकर टेम्पो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेम्पो सड़क पर पलट गया, जिससे उसमें सवार सभी बच्चे घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को तत्काल रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें भर्ती कर लिया है। घायलों में कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिनका इलाज चल रहा है।
कोतवाल अरुण कुमार सैनी ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी कार चालक को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस को जैसे ही पीड़ित पक्ष की तहरीर प्राप्त होगी, आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने क्षेत्र में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है, वहीं बच्चों के परिजन भी गहरे सदमे में हैं।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›