लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के स्टोर से 35 किलो हाथी दांत गायब होने के मामले में विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। रेंजर और डिप्टी रेंजर समेत तीन निलंबित।
पौड़ी। उत्तराखंड के लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज से कीमती हाथी दांत गायब होने के मामले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभागीय जांच में लापरवाही उजागर होने के बाद रेंजर अनुराग और डिप्टी रेंजर भगवत को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इससे पहले वन दरोगा वीरेंद्र पर भी निलंबन की गाज गिर चुकी है।
इस गंभीर मामले की जांच हरिद्वार के डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में की गई थी। जांच रिपोर्ट में तीनों वन अधिकारियों के साथ एक आउटसोर्स कर्मचारी की भी घोर लापरवाही सामने आई है। विभाग अब उस आउटसोर्स कर्मचारी को भी सेवा से हटाने की प्रक्रिया शुरू कर चुका है।
सत्यापन के दौरान रेंज के स्टोर से चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। अभिलेखों में कुल 15 हाथी दांत दर्ज थे, लेकिन मौके पर केवल 10 ही मिले। गायब हुए पांच हाथी दांतों का दर्ज वजन 35.045 किलोग्राम था। इसके अलावा, स्टोर में मौजूद शेष 10 दांतों का वजन भी सरकारी रिकॉर्ड की तुलना में कम पाया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में स्टोर से हाथी दांत चोरी होने की पुष्टि हो चुकी है। इस मामले में पुलिस ने एक वन गुर्जर को गिरफ्तार भी किया है, लेकिन अभी तक गायब दांतों की बरामदगी नहीं हो सकी है। जांच रिपोर्ट में लालढांग समेत कई अन्य रेंज कार्यालयों में चौकीदार की तैनाती न होने की खामी को भी उजागर किया गया है।
वन विभाग और पुलिस की टीमें अब इस एंगल से जांच कर रही हैं कि यह सामान्य चोरी है या इसके पीछे कोई बड़ा तस्कर गिरोह सक्रिय है। उच्च अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि वन्यजीव अंगों की सुरक्षा में किसी भी प्रकार की चूक बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दोषियों से सख्ती से निपटने और गायब दांतों को जल्द बरामद करने के निर्देश दिए गए हैं।