Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून: जाखन में रॉटवीलर कुत्तों का बुजुर्ग महिला पर हमला, गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती

देहरादून। राजधानी के जाखन क्षेत्र में रविवार तड़के एक बुजुर्ग महिला पर दो रॉटवीलर नस्ल के पालतू कुत्तों ने हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। फिलहाल उनका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस घटना से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है।

राजपुर थानाध्यक्ष शैंकी कुमार ने बताया कि मामले में किशनपुर, जाखन निवासी उमंग निर्वाल की तहरीर पर कुत्तों के मालिक मोहम्मद जैद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 291 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है।

तहरीर के अनुसार, उमंग की 65 वर्षीय मां कौशल्या देवी हर रोज सुबह मंदिर जाती हैं। रविवार सुबह करीब चार बजे जब वह मंदिर जा रही थीं, तभी मोहल्ले में रहने वाले मोहम्मद जैद के दो रॉटवीलर कुत्तों ने उन पर अचानक हमला कर दिया। कुत्तों के काटने और नोचने से वह बुरी तरह घायल हो गईं।

परिजन उन्हें तुरंत दून अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के चलते उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट करना पड़ा। उमंग का आरोप है कि ये कुत्ते पहले भी कई बार मोहल्ले के अन्य लोगों पर हमला कर चुके हैं। स्थानीय निवासियों ने कई बार शिकायत भी की, लेकिन कुत्तों का मालिक लापरवाह बना रहा।

गौरतलब है कि रॉटवीलर नस्ल के कुत्ते बेहद आक्रामक माने जाते हैं और कई राज्यों में इनके पालन पर प्रतिबंध भी है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›