Report by : CWN Desk
Published at :
सनसनीखेज खुलासा! अवैध संबंधों के चलते प्रेमी ने ड्रग तस्कर महिला के साथ मिलकर की हत्या, जलाया शव

हरिद्वार के श्यामपुर ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा। मृतक महिला के प्रेमी सलमान और ड्रग तस्कर मेहरुन्निसा को गिरफ्तार किया गया। अवैध संबंधों और पैसों के विवाद में गला घोंटकर हत्या, पहचान छिपाने के लिए जलाया शव।

हरिद्वार। हरिद्वार के श्यामपुर क्षेत्र में हुए ब्लाइंड मर्डर केस (अज्ञात हत्या) को सुलझाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खुलासा किया है कि मृतक महिला की हत्या उसके प्रेमी ने एक अन्य महिला ड्रग तस्कर के साथ मिलकर अवैध संबंधों और पैसों के विवाद में की थी।


शुक्रवार को एसपी सिटी कार्यालय मायापुर में मामले का खुलासा करते हुए एसपी क्राइम जितेंद्र मेहरा ने बताया कि मृतक महिला के प्रेमी सलमान (ट्रक ड्राइवर, पुत्र घसीटा खां, निवासी मझरा लक्ष्मीपुर, काशीपुर) और काशीपुर की ड्रग तस्कर मेहरुन्निसा पत्नी नासिर को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, ब्लाइंड मर्डर केस सुलझाने के लिए श्यामपुर से लेकर बिजनौर और देहरादून तक हाईवे पर लगे सभी सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया। सीसीटीवी फुटेज से ट्रक का नंबर निकाला गया, जिसके बाद पुलिस टीम काशीपुर पहुंची और ड्राइवर सलमान को हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान सलमान ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि मृतक महिला सीमा खातून उसकी प्रेमिका थी और वह उसकी पड़ोसी भी थी। दोनों के बीच अवैध संबंधों, पैसों और अन्य मसलों को लेकर अक्सर विवाद होता रहता था। सलमान ने पुलिस को बताया कि 17 अक्तूबर को उसने सीमा खातून को काशीपुर से ट्रक में अपने पास बुलाया था। घटना वाले दिन (17 अक्तूबर) ट्रक में सीमा और सलमान के बीच झगड़ा हुआ, जिसके बाद सलमान ने मेहरुन्निसा के साथ मिलकर सीमा का गला दबाकर हत्या कर दी।
हत्या करने के बाद पहचान छिपाने के उद्देश्य से सलमान ने सीमा के शव पर डीजल डालकर जला दिया था और मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने हत्या में शामिल दोनों आरोपियों— सलमान और ड्रग तस्कर मेहरुन्निसा— को गिरफ्तार कर लिया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›