दून पुलिस ने संस्कृति लोक कॉलोनी में छापा मारकर व्हाट्सएप के जरिए संचालित हो रहे देह व्यापार का भंडाफोड़ किया है। मुख्य संचालिका समेत चार आरोपी गिरफ्तार।
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में अपराधियों के खिलाफ दून पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में पटेलनगर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत एक किराए के मकान में चल रहे अनैतिक देह व्यापार के धंधे का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है।
संस्कृति लोक कॉलोनी के मकान में पुलिस की अचानक रेड
पटेलनगर कोतवाली पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र की संस्कृति लोक कॉलोनी में एक किराए का कमरा लेकर अवैध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक नरेश राठौड़ के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर मकान में दबिश दी।
व्हाट्सएप के जरिए ग्राहकों को भेजी जाती थीं महिलाओं की फोटो
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी महिला अजमीरा ने यह मकान किराए पर ले रखा था। वह बाहर के जिलों और राज्यों से महिलाओं को बुलाकर यह धंधा चला रही थी। आरोपी महिला व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करती थी और उनकी पसंद के अनुसार युवतियों की फोटो भेजकर उन्हें कमरे पर बुलाती थी।
आपत्तिजनक सामग्री और नकदी बरामद, चारों आरोपी गिरफ्तार
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामग्री, दवाइयां और 3,500 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने देह व्यापार का संचालन करने वाली मुख्य आरोपी अजमीरा (42), शेख अजीजल (30), रजनी (25) और अन्नू (23) को गिरफ्तार कर लिया है। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ पटेलनगर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।