उत्तराखंड पुलिस
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई: 98 लाख की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड कोलकाता से गिरफ्तार
देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ साइबर क्राइम पुलिस टीम ने 98 लाख रुपये की साइबर ठगी का मास्टरमाइंड मृदुल सूर को कोलकाता से गिरफ्तार किया है। अभियुक्त फेसबुक व व्हाट्सऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर और अंतरराष्ट्रीय/स्थानीय मोबाइल नंबरों का उपयोग कर लोगों को निवेश के नाम पर ठगता था।
शिकायतकर्ता से जुलाई 2020 से अगस्त 2024 के बीच निवेश के नाम पर ₹98 लाख विभिन्न खातों में जमा कराए गए। शुरुआत में छोटे रिटर्न देकर विश्वास जीता गया और बाद में धमकी, ब्लैकमेल और डर दिखाकर रकम हड़प ली गई। आरोपी ने खुद को IFDCINVESTOR नामक कंपनी का प्रतिनिधि और वित्तीय सलाहकार बताकर फर्जीवाड़ा किया।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए एसटीएफ ने विस्तृत जांच की। तकनीकी विश्लेषण से आरोपी की पहचान मृदुल सूर पुत्र एम.के. सूर, निवासी महेशपुर, जिला पूर्वी मिदनापुर, पश्चिम बंगाल के रूप में हुई। पुलिस ने उसे ईडन पार्क, कोलकाता स्थित फ्लैट से गिरफ्तार किया। बरामदगी में मोबाइल फोन, चेकबुक, पासबुक और एटीएम कार्ड शामिल हैं।
अभियुक्त ने पूछताछ में ठगी की रकम अपनी पत्नी के नाम पर खुले खातों में ट्रांसफर कर उपयोग करने की बात स्वीकार की। यह नेटवर्क अलग-अलग भूमिकाओं में काम करता था—कोई वित्तीय सलाहकार, कोई बैंक खाता धारक तो कोई तकनीकी सहयोगी। फिलहाल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
