Report by : CWN Desk
Published at :
एसटीएफ की बड़ी कार्रवाई : Matrimony साइट और निवेश स्कैम का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, ₹17 लाख की ठगी का पर्दाफाश

देहरादून। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ, उत्तराखंड श्री नवनीत सिंह के नेतृत्व में साइबर क्राइम पुलिस टीम ने Matrimony साइट और निवेश स्कैम में संलिप्त एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने Bharat Matrimony साइट और व्हाट्सएप के जरिए पीड़ित से संपर्क कर स्वयं को प्रतिष्ठित कंपनियों का अधिकारी बताया और विश्वास जीतकर निवेश के नाम पर ठगी की।
अभियुक्त ने Aquadin Herbal Oil/पाउडर में निवेश के बहाने पीड़ित से व्यक्तिगत और बैंकिंग विवरण हासिल किए। इसके बाद प्राप्त जानकारी का दुरुपयोग कर पीड़ित के खाते से ₹17,10,000 विभिन्न खातों में ट्रांसफर कर लिए। मामला 2021 में दर्ज हुआ था और जांच के बाद आरोपी के विरुद्ध चार्जशीट दाखिल की गई थी। माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी और डिजिटल फुटप्रिंट्स की मदद से आरोपी का लोकेशन ट्रेस कर उसे पुणे, महाराष्ट्र से गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमेश भाटी पुत्र घेवर राम निवासी कोंडवा, पुणे के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने स्वीकारा कि वह लगातार फर्जी पहचान पत्र, मोबाइल नंबर और बैंक खातों का उपयोग करके धोखाधड़ी करता था, ताकि पुलिस की पकड़ से बच सके।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार के लोक लुभावने निवेश, फर्जी साइट या सोशल मीडिया पर अनजान लोगों के प्रलोभन में न आएं। संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल 1930 हेल्पलाइन या निकटतम साइबर क्राइम थाने में दें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›