Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी: STH में अज्ञात बंगाली महिला लावारिस, टूटी छत के नीचे इलाज! डॉक्टरों को फटकार

देहरादून के धर्मपुर में बिल्लियों को लेकर चाचा-चाची और भतीजी के बीच गहरा विवाद। बिल्ली के बच्चे को स्कूटी की डिग्गी में बंद करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप। नेहरू कॉलोनी पुलिस ने किया केस दर्ज।

देहरादून। राजधानी देहरादून के धर्मपुर क्षेत्र से एक अजीबोगरीब और गंभीर विवाद सामने आया है। यहाँ एक ही परिवार के सदस्यों के बीच बिल्लियों को लेकर हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि मामला पुलिस तक पहुँच गया। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर परिवार के पाँच सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है।


शिकायतकर्ता रश्मि धीमान, जो धर्मपुर की निवासी हैं, ने नेहरू कॉलोनी थाने में अपने चाचा उमेश धीमान, उनकी पत्नी सुमन धीमान और तीनों बेटों शुभम, विशाल और सश्रम के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। रश्मि ने आरोप लगाया है कि उनके चाचा-चाची ने बिल्लियों के साथ न सिर्फ क्रूरता की, बल्कि विरोध करने पर उन्हें घर में घुसकर मारने की धमकी भी दी।
शिकायत के मुताबिक, यह विवाद तब शुरू हुआ जब 12-13 मार्च को एक बिल्ली अपने दो बच्चों को रश्मि के घर छोड़कर चली गई। रश्मि ने उन बेसहारा बिल्ली के बच्चों की देखभाल शुरू कर दी। इसी आंगन में अलग मकान में रहने वाले उनके चाचा उमेश धीमान और चाची सुमन धीमान को बिल्लियों से आपत्ति थी। रश्मि का आरोप है कि उनके चाचा उमेश धीमान ने क्रूरता दिखाते हुए बिल्ली के बच्चों को अपनी स्कूटी की डिग्गी में बंद किया और कहीं दूर छोड़ दिया।
जब रश्मि ने इस क्रूरता को लेकर अपनी चाची से बात की तो विवाद गहरा गया। रश्मि के अनुसार, चाची सुमन धीमान और उनके तीनों बेटों ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने और घर में घुसकर मारपीट करने की धमकी दी। इस गंभीर धमकी के बाद रश्मि धीमान ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने इस पूरे मामले को गंभीरता से लिया है और आरोपी परिवार के पांचों सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि जाँच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›