Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
अल्मोड़ा में सोनम् वांगचुग की रिहाई की मांग को लेकर धरना आज

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड राज्य आन्दोलन के दौरान खटीमा और मुजफ्फरनगर कांड में शहीद हुए आन्दोलनकारियों को श्रद्धांजलि देने, दोषियों को दण्डित करने तथा मानवाधिकार कार्यकर्ता सोनम् वांगचुग की रिहाई की मांग को लेकर 1 अक्टूबर को अल्मोड़ा में धरना आयोजित किया जाएगा। यह धरना चौघानपाटा में सुबह 11 बजे से शुरू होगा।
धरने की जानकारी देते हुए उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी (उपपा) के नेता नारायण राम ने कहा कि यह सिर्फ श्रद्धांजलि देने का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि शहीदों के बलिदान को न्याय दिलाने का आंदोलन भी है। उन्होंने कहा कि खटीमा और मुजफ्फरनगर में जिस निर्ममता से आंदोलनकारियों पर गोली चलाई गई और उत्पीड़न किया गया, उसके जिम्मेदार दोषियों को आज तक सजा नहीं मिली है। यह राज्य की अस्मिता और लोकतंत्र के लिए गंभीर प्रश्न है।
नारायण राम ने बताया कि इस धरने में उत्तराखण्ड परिवर्तन पार्टी, उत्तराखण्ड लोक वाहिनी, विभिन्न राज्य आन्दोलनकारी संगठन और जनपक्षीय सामाजिक कार्यकर्ता शामिल होंगे। उन्होंने सभी राज्य समर्थक नागरिकों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जनआंदोलन को मज़बूती दें।
धरने में मानवाधिकार कार्यकर्ता सोनम वांगचुग की रिहाई की भी जोरदार मांग उठाई जाएगी। आयोजकों का कहना है कि वांगचुग की गिरफ्तारी मानवाधिकार और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर प्रहार है, जिसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
धरना स्थल पर शहीद आन्दोलनकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी और दोषियों को सजा दिलाने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की आवाज बुलंद की जाएगी। आयोजकों ने साफ कहा कि यह लड़ाई न्याय, अस्मिता और लोकतंत्र की रक्षा के लिए जारी रहेगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›