Report by : CWN Desk
Published at :
सरकारी स्कूलों में 2100 पदों पर भर्ती, शिक्षकों को मिलेगा प्रमोशन

देहरादून। राज्य सरकार ने बेसिक शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए बड़ा कदम उठाया है। सरकारी बेसिक स्कूलों में रिक्त 2100 पदों पर नई भर्ती जल्द शुरू की जाएगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने शुक्रवार को राजभवन में आयोजित शैलेश मटियानी राज्य शैक्षिक पुरस्कार समारोह के बाद यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राथमिक शिक्षक सेवा नियमावली में संशोधन की प्रक्रिया पूरी होते ही जिलावार भर्ती शुरू होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि नई भर्ती से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि प्रत्येक बेसिक स्कूल में कम से कम दो शिक्षक नियुक्त हों। इसके अलावा, शिक्षकों के प्रमोशन की प्रक्रिया भी शुरू हो रही है। 2815 प्रवक्ता पदों पर एलटी शिक्षकों को अंतरिम प्रमोशन दिया जाएगा। साथ ही हाईस्कूलों में प्रधानाध्यापक के रिक्त 830 पदों को भी वरिष्ठ एलटी और प्रवक्ता कैडर के शिक्षकों को प्रमोशन देकर भरा जाएगा। इसके लिए सरकार जल्द हाईकोर्ट में अपील करेगी।
डॉ. रावत ने यह भी बताया कि स्वास्थ्य विभाग में लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे 234 डॉक्टरों की सेवा समाप्त कर दी गई है। इसी तरह 55 और डॉक्टरों की सेवाएं खत्म करने के निर्देश भी दिए जा चुके हैं।
सरकार का कहना है कि नई भर्ती और प्रमोशन से न केवल शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी, बल्कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे शिक्षकों को भी राहत मिलेगी। इससे छात्रों की पढ़ाई की गुणवत्ता पर सकारात्मक असर पड़ने की उम्मीद है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›