Report by : CWN Desk
Published at :
रामगढ़ होटल में संदिग्ध हालात में कर्मचारी का शव मिला, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

गरमपानी। रामगढ़ ब्लॉक के एक होटल में काम करने वाले युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में होटल के कमरे से बरामद हुआ। परिजनों ने होटल प्रबंधन पर हत्या कर शव लटकाने का गंभीर आरोप लगाया है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
गाज मौना गांव निवासी 18 वर्षीय हिमांशु नयाल, पुत्र प्रेम सिंह, रामगढ़ के एक होटल में कार्यरत था। दो दिन पहले वह अचानक गायब हो गया। काफी खोजबीन के बावजूद उसका सुराग नहीं लगा तो परिजनों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी। इस बीच क्वारब चौकी पुलिस को सूचना मिली कि एक होटल के कमरे में युवक का शव पंखे से लटका हुआ है। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारकर सीएचसी सुयालबाड़ी भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के चाचा खीम सिंह का आरोप है कि होटल प्रबंधन की भूमिका संदेहास्पद है। उन्होंने बताया कि दो दिन पहले जब हिमांशु के बारे में पूछा गया तो होटल वालों ने उसके वहां होने से इनकार कर दिया था। वहीं, शव मिलने पर देखा गया कि हिमांशु के पैर जमीन से लगे हुए थे, जिससे आत्महत्या की संभावना पर संदेह और गहरा हो गया।
पुलिस का कहना है कि मामले की सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आएगी। इधर, मौके पर पहुंचे विधायक राम सिंह कैड़ा ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि दोषी चाहे जो भी हो, कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›