Report by : CWN Desk
Published at :
रात 10 बजे तक हो सकेगा चारधाम यात्रा वाहनों का संचालन

सीसी और एएनपीआर कैमरों से भी रहेगी यात्रा मार्गो पर नजर

देहरादून। चारधाम यात्रा में वाहनों का संचालन इस वर्ष सुबह चार बजे से लेकर रात 10 बजे तक हो सकेगा। इसके लिए विभाग ने वाहनों के संचालन के लिए 18 घंटे का समय नियत किया गया है। गत वर्ष वाहनों के संचालन की समय सीमा सुबह पांच बजे से लेकर रात आठ बजे तक तय की गई थी। यात्रा में बड़ी संख्या में यात्रियों के आने की संभावना को देखते हुए इस वर्ष यह व्यवस्था बनाई गई है।
यात्रा में इस वर्ष प्रवेश मार्गों पर आटोमेटेड नंबर प्लेट रिकगनिशन (एएनपीआर) और क्लोज सर्किट कैमरों से भी नजर रहेगी। इसके लिए प्रदेश के सभी प्रवेश मार्गों पर एएनपीआर कैमरे लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो गई है। वहीं, चारधाम यात्रा मार्ग में केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्रालय द्वारा सीसी कैमरे लगाने प्रस्तावित है। इसके लिए सर्वे हो चुका है।
यात्रा के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। यात्रा मार्ग पर सचल प्रवर्तन दस्तों की तैनाती के साथ ही चेकपोस्ट खोली जाएंगी। जल्द ही मोटर साइकिल प्रवर्तन दस्तों की भी तैनाती की जाएगी। यात्रा शुरू होने से पहले इन सभी दस्तों व चेकपोस्ट में कर्मचारियों की तैनाती कर दी जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›