उत्तराखण्ड

मौसम की पहली बर्फबारी से सफेद चादर से ढके उत्तराखंड के पहाड़, मैदानी इलाकों में बारिश

आज भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बर्फबारी का ऑरेंज अलर्ट

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के करवट बदलने के बाद जोरदार हिमपात का दौर शुरू हो गया है। मंगलवार रात से चोटियों पर बर्फबारी का सिलसिला शुरू हुआ, जो बुधवार शाम तक जारी रहा। इसके अलावा प्रदेश में करीब ढाई माह बाद कई क्षेत्रों में वर्षा भी दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने आज यानी गुरुवार को भी उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आसपास के क्षेत्रों में वर्षा और गरज-चमक के साथ ओलावृष्टि की आशंका है। तापमान में भी तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक की कमी आ सकती है।
उत्तराखंड में आखिरकार मौसम मेहरबान हो गया है। नवंबर की शुरुआत में हुई हल्की वर्षा के बाद पूरे शीतकाल में सूखे की स्थिति बनी रही। ताजा पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के चलते मंगलवार शाम से ही मौसम का मिजाज बदल गया। देर रात चोटियों पर हल्का हिमपात शुरू हुआ। जबकि, बुधवार दिनभर बर्फबारी के कई दौर हुए।
वहीं, कई क्षेत्रों में वर्षा भी दर्ज की गई। देहरादून और मसूरी समेत आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम वर्षा हुई। उत्तरकाशी में गंगोत्री-यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले क्षेत्र में जोरदार बर्फबारी हुई, जबकि जिला मुख्यालय और सभी तहसील क्षेत्रों में हल्की वर्षा हुई। देर शाम गंगोत्री-यमुनोत्री सहित हर्षिल घाटी, खरसाली, हरकीदून में बर्फबारी जारी थी। रुद्रप्रयाग में केदारनाथ धाम समेत ऊंचाई वाली पहाड़ियों पर भी बर्फबारी हुई, जिससे घाटी में बादल छाए रहने से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। तुंगनाथ, मद्महेश्वर, लिनचोली समेत ऊंचाई पहाड़ियों पर भी हिमपात हुआ।
चमोली में बद्रीनाथ धाम के साथ ही हेमकुंड साहिब, गोरसो, औली में बर्फबारी हुई। कुमाऊं में मुनस्यारी की ऊंची चोटियों पर भी जोरदार हिमपात हुआ। निचली घाटियों में वर्षा हुई है। राजरंभा, पंचाचूली, हंसलिंग और तहसील मुख्यालय की नजदीकी खलियाटाप पर बर्फ की फाहे गिरीं।
मौसम के करवट बदलने से दून में बादलों का डेरा है और देर रात हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। हालांकि, शहर में कहीं-कहीं बूंदाबांदी हुई, लेकिन मालसी, राजपुर समेत मसूरी और आसपास के क्षेत्रों में रिमझिम वर्षा दर्ज की गई। निकटवर्ती धनोल्टी में भी देर रात तक बर्फबारी की संभावना बनी रही। वहीं, सुरकंडा की पहाड़ी और चकराता के लोखंडी में हिमपात हुआ। इससे सूखी ठंड से फिलहाल राहत मिली है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में मौसम का मिजाज आज भी बदला रहने का अनुमान है। प्रदेश में 3,000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हो सकती है। 2,500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भी हल्के हिमपात की संभावना है। निचले क्षेत्रों में वर्षा और ओलावृष्टि को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। दून में आमतौर पर बादल छाये रहने के साथ हल्की वर्षा हो सकती है।

Most Popular

CWN उत्तराखंड समेत देश और दुनिया भर के नवीनतम समाचारों का डिजिटल माध्यम है। अपने विचार या समाचार प्रसारित करने के लिए हमसे संपर्क करें। धन्यवाद

[email protected]

Select Language

© 2025, CWN (City Web News)
Get latest Uttarakhand News updates

To Top
English हिन्दी