Report by : राम सिंह, अल्मोड़ा
Published at :
प्राकृतिक संसाधनों की लूट के खिलाफ़ उपपा गैरसैण में करेगी प्रदर्शन

राज्य की अस्मिता के लिए 24- 25 जुलाई को गैरसैंण चलो: पीसी तिवारी

अल्मोड़ा। उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी ने श्रीदेव सुमन के बलिदान दिवस पर आगामी 24 व 25 जुलाई को राज्य की अवधारणा और अस्मिता से हो रहे सुनियोजित खिलवाड़, पूंजीपतियों, माफियाओं द्वारा जमीनों व प्राकृतिक संसाधनों की निर्मम लूट व रोजगार के नाम पर युवाओं से हो रही ठगी के खिलाफ जन प्रतिरोध विकसित करने के लिए गैरसैंण चलो का आह्वान किया है। उपपा के केंद्रीय अध्यक्ष पी . सी. तिवारी ने यहां कहा कि पिछले दिनों हल्द्वानी में हुई पार्टी की केंद्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने राज्य की इस दुर्दशा के लिए कांग्रेस भाजपा और यहां की सत्ता में उनके सहयोगियों को आड़े हाथों लेते हुए जनता से राज्य की क्षेत्रीय अस्मिता को बचाने और एक सशक्त राजनीतिक आंदोलन के लिए एकजुट होने का आह्वान किया।
उपपा की केंद्रीय अध्यक्ष पी. सी. तिवारी ने कहा कि राज्य बनने के बाद उत्तराखंड की सत्ता में आए राजनीतिक दलों एवं उनके सहयोगियों ने उत्तराखंड की जनता को निराश किया है जिससे जनता में भारी आक्रोश है। हमारा यह सुंदर हिमालयी राज्य आज महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, राजनीतिक दलों और नेताओं के झूठे चुनावी वायदों से दुखी व परेशान हैं उन्होंने कहा कि अपनी इन विफलताओं को छुपाने के लिए डबल इंजन की सरकारें समाज को बांट कर अपना उल्लू सीधा करना चाहती हैं जिससे जनता को सावधान रहने की जरूरत है।
उपपा अध्यक्ष ने कहा कि 24 तारीख को पार्टी के कार्यकर्ता अपने-अपने क्षेत्रों से जन अभियान चलाते हुए गैरसैंण पहुंचेंगे। जहां गंभीर विमर्श के बाद 25 जुलाई को प्रातः 11:00 बजे रामलीला मैदान गैरसैंण में जनसभा के साथ प्रदर्शन किया जाएगा।
उपपा ने पार्टी कार्यकर्ताओं, सहयोगियों और संघर्षशील साथियों से राज्य में सामाजिक, राजनीतिक और व्यवस्था परिवर्तन के साथ उत्तराखंडी अस्मिता की रक्षा के लिए परिवर्तन पार्टी को समर्थन व सहयोग प्रदान करने की अपील की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›