Connect with us

अल्मोड़ा/बागेश्वर/चंपावत/पिथौरागढ़

अल्मोड़ा लमगड़ा में किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की गिरफ्तारी न होने पर थाने का घेराव

Published

on

खबर शेयर करें 👉


अल्मोड़ा। लमगड़ा क्षेत्र के एक गांव में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी की 24 दिन बाद भी गिरफ्तारी न होने से क्षेत्र के लोग भड़क गए। आक्रोशित लोगों ने थाने पहुंचकर अधिकारियों का घेराव किया। ये लोग दो घंटे तक आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग पर थाने में जमे रहे। इस दौरान ग्रामीणों की पुलिस अधिकारियों से नोकझोंक भी हुई। दो घंटे बाद पहुंचे सीओ विमल प्रसाद ने 15 दिन का समय मांगते हुए किसी तरह लोगों को शांत किया।
लमगड़ा के एक गांव की किशोरी का स्वास्थ्य खराब होने पर परिजन 24 दिन पूर्व महिला अस्पताल लाए। जांच में उसके सात महीने की गर्भवती होने की बात सामने आई। परिजनों ने मामले की तहरीर पुलिस में दी। पूछताछ में सामने आया कि क्षेत्र के ही एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया। तहरीर देने के बाद भी पुलिस अब तक आरोपी को गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
लंबे समय बाद भी आरोपी की गिरफ्तार न होने से नाराज क्षेत्र के लोग थाने पहुंचे और पुलिस अधिकारियों का घेराव करते हुए प्रदर्शन किया। कहा कि लंबे समय बाद भी आरोपी की गिरफ्तारी न होना पुलिस की कार्यशैली पर बड़ा सवाल है। ऐसे में उनका कानून से भरोसा उठ रहा है। आरोपी बाहर है और पुलिस पर हाथ धरे बैठी है तो ऐसे में पीड़ितों का न्याय कैसे मिलेगा। थाने में तैनात पुलिस कर्मियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन वे उच्चाधिकारियों के मौके पर आने की मांग पर अड़े रहे। दो घंटे बाद सीओ विमल प्रसाद मौके पर पहुंचे और लोगों से वार्ता की। उन्होंने उनसे 15 दिन के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। आश्वासन के बाद लोग थाने से रवाना हुए और पुलिस कर्मियों, अधिकारियों ने राहत की सांस ली।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement