Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर: टेस्ट ड्राइव के बहाने फॉरचूनर लेकर भागा युवक, पुलिस पीछा करती रही

काशीपुर। रामनगर में टेस्ट ड्राइव के बहाने एक युवक लग्जरी कार फॉरचूनर लेकर फरार हो गया। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी से आरोपी ज्यादा दूर नहीं भाग सका और प्रतापपुर में बैरियर तोड़ते हुए दुर्घटनाग्रस्त कार मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार रामनगर निवासी व्यक्ति ने अपनी फॉरचूनर बेचने के लिए ओएलएक्स पर विज्ञापन डाला था। कुछ दिन पहले एक युवक ने गाड़ी खरीदने की इच्छा जताई और कार देखने पहुंचा। उसने टेस्ट ड्राइव की बात कही तो कार स्वामी ने अपने बेटे को उसके साथ भेज दिया।
करीब तीन किमी चलने के बाद युवक ने कार में खराबी का बहाना किया। जब कार स्वामी के बेटे ने आपत्ति जताई तो आरोपी ने उसे पानी लेने भेज दिया। जैसे ही युवक कार से उतरा, आरोपी गाड़ी लेकर फरार हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और नाकेबंदी शुरू कर दी। पीछा करने पर आरोपी ने प्रतापपुर में पुलिस का बैरियर तोड़ दिया और आगे चल रही कार से टकरा गया। हादसे के बाद आरोपी मौके से भाग निकला, जबकि कार पुलिस ने कब्जे में ले ली।
पुलिस का कहना है कि फरार युवक की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›