नैनीताल
रामनगर में घास काटने गई महिला पर बाघ का हमला, हायर सेंटर रेफर
रामनगर के ग्राम कुनखेत में रविवार को बाघ ने बुजुर्ग महिला बसंती देवी पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वन विभाग ने सतर्क रहने की अपील की।
रामनगर। मोहान क्षेत्र के कुनखेत गांव में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। जंगल में घास काटने गई 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर झाड़ियों में घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। इस अचानक हुए हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुनखेत निवासी बसंती देवी (65) पत्नी बाली राम अपनी साथी महिला मोहनी देवी के साथ रोजाना की तरह सुबह जंगल में घास काटने गई थीं। इसी दौरान झाड़ियों में छिपे बाघ ने बसंती देवी पर झपट्टा मार दिया। साथ मौजूद महिला ने बिना डरे तुरंत शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास काम कर रहे लोग मौके की ओर दौड़े।
ग्रामीणों के भारी शोर मचाने पर बाघ महिला को छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ। घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई, जिसके बाद वन कर्मियों की टीम मौके पर पहुंची। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान अवस्था में महिला को रामनगर के संयुक्त चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद रेंजर कृष्ण मेहरा ने बताया कि क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है। वन विभाग ने आसपास के ग्रामीणों से अकेले जंगल न जाने और अत्यधिक सतर्कता बरतने की अपील की है।
