Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर के गूलर सिद्ध जंगल में बाघ का आतंक, युवक को बनाया निवाला; सिर बरामद

रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज में बाघ ने एक युवक पर हमला कर उसे मार डाला। वन विभाग को जंगल से युवक का सिर मिला है, धड़ की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

रामनगर: उत्तराखंड के रामनगर वन प्रभाग से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ कोसी रेंज स्थित गूलर सिद्ध के घने जंगलों में एक बाघ ने एक युवक को अपना निवाला बना लिया। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया और स्थानीय ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। सूचना मिलते ही वन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया।
खोजबीन के दौरान टीम को जंगल के भीतर से युवक का कटा हुआ सिर बरामद हुआ है। हालांकि, शरीर का बाकी हिस्सा यानी धड़ अभी तक नहीं मिल पाया है, जिसकी तलाश के लिए टीमें लगातार घने झाड़ियों में तलाशी ले रही हैं। बताया जा रहा है कि बाघ युवक को खींचकर जंगल के गहरे हिस्से में ले गया था। वन विभाग के अधिकारियों ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक युवक देर रात जंगल की ओर गया था। स्थानीय सूत्रों और पुलिस के मुताबिक, शव एक मानसिक रूप से विक्षिप्त युवक का लग रहा है। फिलहाल युवक की पहचान स्पष्ट करने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस और वन कर्मियों की कई टीमें मौके पर मौजूद हैं और बाघ की मूवमेंट पर नजर रखने के लिए कैमरा ट्रैप लगाए जा रहे हैं।
कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे इन इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वन विभाग ने स्थानीय लोगों को अकेले जंगल की ओर न जाने की सख्त चेतावनी जारी की है। विभाग अब इस आदमखोर बाघ को चिह्नित करने की प्रक्रिया में जुटा है। सर्च ऑपरेशन पूरा होने और युवक की शिनाख्त होने के बाद ही स्थिति पूरी तरह साफ हो पाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›