Report by : CWN Desk
Published at :
काशीपुर: मनचले की हरकतों से परेशान छात्रा ने छोड़ा स्कूल, परिवार ने दी आत्मदाह की चेतावनी

काशीपुर में मनचले युवक की हरकतों से तंग आकर नाबालिग छात्रा ने स्कूल जाना बंद किया। पुलिस की निष्क्रियता से निराश परिवार ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर आत्मदाह की चेतावनी दी है।

काशीपुर: उत्तराखंड के काशीपुर में न्याय न मिलने से निराश एक परिवार ने आत्मदाह करने की चेतावनी दी है। आईटीआई थाना क्षेत्र की निवासी एक नाबालिग छात्रा ने कॉलेज आते-जाते समय कॉलोनी के ही एक मनचले युवक की अश्लील हरकतों और फब्तियों से तंग आकर स्कूल जाना छोड़ दिया है। लगातार उत्पीड़न के कारण पीड़ित छात्रा और उसका परिवार गहरे सदमे में है।
उत्पीड़न से मजबूर होकर छोड़ा स्कूल
छात्रा की मां ने मुख्यमंत्री को लिखे एक मार्मिक पत्र में पूरी घटना का विवरण दिया है। उनकी बेटी सरकारी कॉलेज में नवीं कक्षा की छात्रा है। आते-जाते समय आरोपी युवक लगातार बेटी के साथ अश्लील हरकतें करता था। डर और दबाव के चलते बेटी ने पढ़ाई छोड़कर घर बैठना स्वीकार कर लिया। सुरक्षा को देखते हुए परिवार ने बेटी को रिश्तेदारी में भी भेजा, लेकिन आरोपी ने वहाँ भी अलग-अलग नंबरों से फोन कर छात्रा को धमकाना जारी रखा।
पुलिस की निष्क्रियता से बढ़ी निराशा
पीड़ित परिवार की शिकायत है कि उन्होंने जुलाई माह में ही आईटीआई थाना पुलिस को इस संबंध में तहरीर दी थी, लेकिन कोई सख्त कार्रवाई नहीं हुई। छात्रा के भाई ने साफ शब्दों में चेतावनी दी है कि यदि आरोपी के विरुद्ध जल्द ही सख्त कदम नहीं उठाया गया, तो वे परिवार सहित आत्मदाह करने को विवश होंगे। पुलिस की ओर से मामले को गंभीरता से न लेने के कारण पीड़ित परिवार का गुस्सा भड़क उठा है।
महापौर ने दिया कार्रवाई का आश्वासन
सोमवार को पीड़ित परिवार ने न्याय की गुहार लगाते हुए नगर निगम कार्यालय में महापौर दीपक बाली से मुलाकात की। महापौर से मिलकर परिवार ने मामले में तुरंत हस्तक्षेप कर आरोपी पर कार्रवाई कराने की मांग की। महापौर ने परिवार को पूर्ण न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि वह स्वयं पुलिस के उच्च अधिकारियों से इस गंभीर मामले पर वार्ता करेंगे और दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगे। यह मामला उत्तराखंड कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›