Report by : CWN Desk
Published at :
UKPSC Calendar 2026: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जारी किया परीक्षाओं का नया कैलेंडर

UKPSC Exam Calendar 2026 Update: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने पीसीएस, प्रवक्ता और अपर निजी सचिव सहित 6 प्रमुख परीक्षाओं की तिथियां घोषित कीं। जानें पूरा शेड्यूल।

हरिद्वार: उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सूचना जारी की है। आयोग ने मंगलवार को छह प्रमुख भर्ती परीक्षाओं का अपडेटेड कैलेंडर 2026 जारी कर दिया है। परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा ने बताया कि इन परीक्षाओं की प्रस्तावित तिथियां तय कर दी गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को तैयारी में मदद मिलेगी।
कैलेंडर के अनुसार, अपर निजी सचिव परीक्षा-2024 की मुख्य परीक्षा 14 मार्च को आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही, महिला कल्याण विभाग में अधीक्षिका पद के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 22 मार्च को होनी तय हुई है। न्यायिक सेवा के क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए सिविल न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) की मुख्य परीक्षा 21 से 24 अप्रैल के बीच आयोजित की जाएगी।
सबसे महत्वपूर्ण घोषणा पीसीएस (PCS) मुख्य परीक्षा 2025 को लेकर हुई है। कार्मिक विभाग की यह प्रतिष्ठित परीक्षा 27 से 30 अप्रैल 2026 तक आयोजित की जाएगी। वहीं, सम्मिलित राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के साक्षात्कार (Interview) की प्रक्रिया 16 मार्च से शुरू होने की संभावना है। अभ्यर्थी अपनी तैयारी को इन तिथियों के अनुसार अंतिम रूप दे सकते हैं।
शिक्षा विभाग में प्रवक्ता भर्ती 2025 की मुख्य परीक्षाओं का विस्तृत शेड्यूल भी जारी किया गया है। 9 मई को भौतिक विज्ञान, 10 मई को नागरिक शास्त्र, 30 मई को हिंदी और 31 मई को इतिहास विषय की परीक्षा होगी। हालांकि, डेयरी विकास विभाग में सहायक निदेशक की परीक्षा, जो पहले 12 अप्रैल को होनी थी, उसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›