Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी कोर्ट परिसर में हंगामा: ससुर ने दामाद के सिर पर ईंट मारी, समधन की कलाई दांत से काटी

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित जजी कोर्ट परिसर में पारिवारिक विवाद के मामले में पहुंचे दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि ससुर ने दामाद हेमंत के सिर पर ईंट मारी और समधन नीमा की कलाई दांत से काट ली। पुलिस ने तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हल्द्वानी: हल्द्वानी के नैनीताल रोड स्थित जजी कोर्ट परिसर बृहस्पतिवार दोपहर उस समय अखाड़ा बन गया, जब पारिवारिक मामले में पहुंचे दो पक्षों के बीच जमकर विवाद और मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कथित तौर पर ससुर ने दामाद के सिर पर ईंट से हमला कर दिया और बीच-बचाव करने आई समधन की कलाई को दांत से काट लिया। इस घटना से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया और अधिवक्ताओं को बीच-बचाव के लिए आना पड़ा।
गोरापड़ाव हरिपुर पूर्णानंद निवासी हेमंत कुमार आगरी (32), जो एक वाहन चालक हैं, उन्होंने पुलिस को बताया कि वह अपनी मायके में रह रही पत्नी को वापस लाने के लिए पारिवारिक न्यायालय में वाद दाखिल किए हुए हैं। बृहस्पतिवार को इस मामले में काउंसिलिंग की दूसरी तारीख थी। हेमंत अपने पिता, मां नीमा देवी और बहन जया के साथ कोर्ट पहुंचे थे। कोर्ट परिसर में जब हेमंत का सामना अपनी पत्नी और ससुर से हुआ, तो उन्होंने अपने बच्चे का हालचाल पूछ लिया। बस इसी बात पर विवाद शुरू हो गया।
हेमंत का आरोप है कि नाराजगी में ससुर ने ईंट उठाकर उनके सिर पर दे मारी, जिससे सिर से खून बहने लगा। जब उनकी मां नीमा देवी (समधन) बीच-बचाव करने आईं, तो आरोपी ने उनकी कलाई पर दांत गड़ा दिया। अधिवक्ताओं ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया। इस दौरान ननद-भाभी में भी हाथापाई शुरू हो गई, जिसे छुड़ाने में अधिवक्ताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। लहूलुहान अवस्था में हेमंत किसी तरह कोर्ट रूम में जज के सामने पेश हुए, जहाँ से उन्हें कोतवाली भेजा गया।
प्रभारी निरीक्षक अमर चंद्र शर्मा ने बताया कि पुलिस को हेमंत कुमार आगरी की ओर से तहरीर मिल गई है। इस गंभीर मामले में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। हल्द्वानी के इस व्यस्त कोर्ट परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है ताकि परिसर में शांति सुनिश्चित की जा सके।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement