Report by : CWN Desk
Published at :
उत्तराखंड बोर्ड टॉपर्स को मिलेगा खास तोहफा: एक दिन के लिए निभाएंगे डीएम और एसएसपी की भूमिका

देहरादून। उत्तराखंड सरकार ने राज्य के मेधावी छात्रों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और बड़ी पहल की है। हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में उत्तराखंड बोर्ड से टॉप करने वाले जिलास्तरीय छात्र-छात्राओं को अब अपने-अपने जिलों में एक दिन के लिए जिलाधिकारी (डीएम) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) की प्रतीकात्मक जिम्मेदारी निभाने का मौका मिलेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को कैंट रोड स्थित अपने कैंप कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक में इस नई योजना की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कदम मेधावी छात्रों को न केवल सम्मानित करने, बल्कि उन्हें प्रशासनिक सेवाओं की ओर प्रेरित करने का भी माध्यम बनेगा। इससे छात्रों में नेतृत्व क्षमता का विकास होगा और वे भविष्य में सिविल सेवा या पुलिस सेवा में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित होंगे।

इस पहल के तहत चयनित टॉपर छात्र एक दिन के लिए डीएम और एसएसपी की भूमिका निभाते हुए संबंधित कार्यालयों में बैठेंगे, मामलों की सुनवाई करेंगे और जनहित के मुद्दों पर राय भी व्यक्त करेंगे। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यदि इस दौरान छात्रों की ओर से कोई उपयोगी सुझाव सामने आता है, जो राज्यहित या जनहित से जुड़ा हो, तो उस पर गंभीरता से विचार किया जाएगा।

सरकार पहले ही मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति, भारत भ्रमण, मुफ्त कोचिंग और विशेष सम्मान जैसी योजनाएं दे रही है। डीएम-एसएसपी की प्रतीकात्मक भूमिका वाली यह नई योजना उसी श्रृंखला की अगली कड़ी है, जिससे राज्य में शिक्षा के प्रति प्रतिस्पर्धात्मक और सकारात्मक माहौल बन सकेगा।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›