उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने स्व-गणना के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का शुभारंभ किया। जानें ऑनलाइन स्व-गणना की पूरी प्रक्रिया।
देहरादून। उत्तराखंड के राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सोमवार को देहरादून स्थित लोक भवन में स्व-गणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) के माध्यम से जनगणना-2027 के द्वितीय चरण का विधिवत शुभारंभ किया। इसके साथ ही पूरे प्रदेश में जनगणना के दूसरे चरण की गतिविधियां आधिकारिक रूप से प्रारंभ हो गई हैं। इस बार जनगणना की पूरी प्रक्रिया डिजिटल माध्यम से संपन्न की जा रही है, जिससे आंकड़ों में अधिक पारदर्शिता और गति आएगी।
प्रदेश के नागरिक 16 से 30 नवंबर, 2026 तक आधिकारिक पोर्टल se.census.gov.in के माध्यम से घर बैठे अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। इसके पश्चात 1 दिसंबर, 2026 से 4 जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर जाकर जनगणना का कार्य पूरा करेंगे। राज्यपाल ने सभी प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे प्रगणकों को सही व प्रमाणिक जानकारी दें और युवाओं से विशेष रूप से अपने परिवार को इस डिजिटल प्रक्रिया में सहयोग करने का आह्वान किया।
इस अवसर पर राज्यपाल ने कहा कि जनगणना किसी भी देश और प्रदेश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्माण का सबसे महत्वपूर्ण आधार है। यह केवल जनसंख्या की गिनती नहीं है, बल्कि समाज की आवश्यकताओं को समझने और संसाधनों का उचित वितरण सुनिश्चित करने का एक वैज्ञानिक माध्यम है। उन्होंने सभी प्रगणकों को भी पूरी ईमानदारी, गंभीरता और सावधानी के साथ विवरण दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
राज्यपाल ने विश्वास जताया कि उत्तराखंड के जागरूक नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी से भविष्य की जनकल्याणकारी योजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में बड़ी मदद मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय उत्तराखंड की निदेशक श्रीमती इवा आशीष श्रीवास्तव, संयुक्त निदेशक शैलेन्द्र सिंह नेगी, उप निदेशक प्रवीन कुमार और वरिष्ठ उप निदेशक आर.के. बनवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।