Report by : CWN Desk
Published at :
विकासनगर: मधुमक्खियों के हमले से मचा हड़कंप, 5 लोग घायल; परिवार के 3 सदस्य ICU में भर्ती

देहरादून के विकासनगर में मेहूंवाला खालसा में दर्दनाक घटना। शरारत के बाद मधुमक्खियों के हमले से एक ही परिवार के तीन सदस्य समेत पांच लोग घायल। गंभीर हालत में एक व्यक्ति ICU में भर्ती।

विकासनगर। देहरादून के विकासनगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मेहूंवाला खालसा गांव में मधुमक्खियों के एक भीषण हमले से हड़कंप मच गया। एक ही परिवार के तीन सदस्यों समेत कुल पांच लोगों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया। छत्ते पर किसी की शरारत के कारण गुस्साई मधुमक्खियों ने उन सभी पर हमला बोल दिया जो उनके सामने आए। इस हमले के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
शरारत बनी हमले का कारण
जानकारी के अनुसार, मेहूंवाला खालसा में सुरेश नेगी पुत्र माडूराम के घर के पास लगे एक पेड़ पर मधुमक्खियों का बड़ा छत्ता था। बताया गया कि किसी ने शरारतवश छत्ते पर पत्थर फेंक दिया। इससे गुस्साई मधुमक्खियां तुरंत बाहर निकलीं और जो भी उनके रास्ते में आया, उस पर टूट पड़ीं। जब तक लोग स्थिति समझते, हमला और भी तेज हो चुका था।
एक ही परिवार के तीन सदस्य घायल
इस हमले में 52 वर्षीय सुरेश नेगी, उनकी 48 वर्षीय पत्नी लक्ष्मी नेगी और 19 वर्षीय पुत्र हर्ष नेगी गंभीर रूप से घायल हो गए। इनके अलावा, दिव्यांशु (19) और कुलदीप निवासी तेलपुरा भी मधुमक्खियों के डंक से घायल हुए। कुलदीप ने तुरंत अपना बचाव कर लिया, जिससे उन्हें हल्की चोटें आईं। जबकि बाकी चारों को तुरंत उपचार के लिए उप जिला चिकित्सालय ले जाया गया।
गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
उप जिला चिकित्सालय से सुरेश नेगी, लक्ष्मी नेगी और हर्ष नेगी को उनकी गंभीर हालत के चलते हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। फिलहाल, तीनों का उपचार लेहमन अस्पताल में चल रहा है। पांच घायलों में से एक बालक को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है। हालांकि, परिवार के मुखिया सुरेश नेगी की हालत सबसे ज्यादा गंभीर बताई जा रही है, जिसके चलते उन्हें गहन चिकित्सा कक्ष (ICU) में रखा गया है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›