हल्द्वानी
राजेंद्र नगर में गहराया जल संकट: खाली बर्तन बजाकर जनता ने जताया विरोध
राजेंद्र नगर वार्ड 12 में पानी की किल्लत से भड़के लोग। हेमंत साहू के नेतृत्व में जल संस्थान के खिलाफ प्रदर्शन कर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी। पढ़ें पूरी खबर।
हल्द्वानी। राजेंद्र नगर वार्ड 12 में नाले के पास पिछले कई दिनों से बनी पानी की गंभीर समस्या ने अब विकराल रूप ले लिया है। लगातार हो रही कम जलापूर्ति से त्रस्त स्थानीय नागरिकों के धैर्य का बांध आखिरकार टूट गया। क्षेत्र में पानी की बूंद-बूंद के लिए मचे हाहाकार के कारण आज स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
इसी समस्या के विरोध में आज पार्षद प्रतिनिधि एवं युवा नेता हेमन्त साहू के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने खाली बर्तन लेकर जल संस्थान के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन में महिलाएं, बुजुर्ग और युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने खाली बर्तन बजाकर विभाग की कुंभकर्णी नींद तोड़ने का प्रयास किया और जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान हेमन्त साहू ने विभाग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि पानी जैसी बुनियादी जरूरत के लिए जनता का सड़कों पर उतरना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। साहू ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही जलापूर्ति सुचारू नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। उन्होंने विभाग को तत्काल ठोस कदम उठाने के लिए आगाह किया है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद अधिकारियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। वर्तमान में लोगों को रोजमर्रा के कार्यों के लिए भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रदर्शन के अंत में क्षेत्रवासियों ने एक स्वर में कहा कि यदि समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले समय में जल संस्थान के घेराव के साथ आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।
आज के इस प्रदर्शन में मुख्य रूप से पुष्पा देवी, मनीषा आर्या, आशा देवी, पनी राम, रमेश आर्या, ग्ने आर्या, संगीता देवी, सुमित पाल, रोहित पाल, अमित कुमार और नरेश गुप्ता समेत कई क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
