Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार: धनौरी हादसे में युवक की मौत: अज्ञात वाहन ने बाइक को मारी टक्कर, रुड़की में पसरा मातम

Published

on

खबर शेयर करें 👉

धनौरी तिरछे पुल के पास भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार सावन की मौत। अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

धनौरी (रुड़की): उत्तराखंड के धनौरी क्षेत्र में स्थित तिरछे पुल के पास एक भीषण सड़क हादसे में एक बाइक सवार युवक की जान चली गई। अज्ञात वाहन की चपेट में आने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था। सूचना पर पहुँची पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसे अस्पताल पहुँचाया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, नागल पलूनी का निवासी सावन (पुत्र राजेश) अपनी बाइक से हरिद्वार की ओर जा रहा था। जैसे ही वह धनौरी स्थित तिरछे पुल के पास पहुँचा, पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सावन सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गया और उसके सिर पर गंभीर चोटें आईं।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और घायल युवक को तुरंत उपचार के लिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। हालांकि, अस्पताल पहुँचने पर डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में इस दर्दनाक हादसे के बाद से सन्नाटा पसरा हुआ है।
थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement