Connect with us

देहरादून

उत्तराखण्ड: 3 अक्टूबर को आएगी अंतिम मतदाता सूची, निर्वाचन आयोग ने बदला शेड्यूल

Published

on

खबर शेयर करें 👉

उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 3 अक्टूबर 2026 तय की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी बड़ी जानकारी।

देहरादून। उत्तराखण्ड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत अब अंतिम वोटर लिस्ट का प्रकाशन 3 अक्टूबर 2026 को किया जाएगा। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारत निर्वाचन आयोग द्वारा संशोधित नए कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी। इससे पहले चुनाव आयोग के तय शेड्यूल के अनुसार मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को किया जाना निर्धारित था।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य भर में अनमैप्ड और विभिन्न विसंगतियों से जुड़े कुल 24 लाख 30 हजार नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों पर सफलतापूर्वक सुनवाई का कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही नए मतदाताओं के पंजीकरण और विवरण में सुधार से संबंधित फॉर्म 6, 7 और 8 के लगभग 40 प्रतिशत आवेदनों की सुनवाई प्रक्रिया भी पूरी की जा चुकी है।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी नए दिशा-निर्देशों और संशोधित समय सारणी के अनुसार, मतदाता सूची पर प्राप्त होने वाले दावों तथा आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर तक जारी रहेगी। इन सभी प्रक्रियाओं और आपत्तियों के निस्तारण के बाद 3 अक्टूबर को राज्य की अंतिम मतदाता सूची आधिकारिक रूप से प्रकाशित की जाएगी।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी उपस्थित रहे। निर्वाचन विभाग का लक्ष्य प्रदेश के सभी पात्र नागरिकों को बिना किसी त्रुटि के वोटर लिस्ट में शामिल करना है।

Select Language

Advertisement