देहरादून
डालनवाला में कारोबारी की बुजुर्ग पत्नी की दिनदहाड़े घर में हत्या
Dehradun के डालनवाला में बंसल बुक स्टोर के मालिक की 70 वर्षीय पत्नी की घर में घुसकर हत्या। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर फॉरेंसिक जांच शुरू की।
देहरादून: राजधानी देहरादून के पॉश इलाके डालनवाला स्थित एमडीडीए एमआईजी कॉलोनी (MDDA MIG Colony) में गुरुवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दिनदहाड़े घर में घुसकर एक कारोबारी की 70 वर्षीय पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका का शव उनके ही कमरे में बेड पर अचेत अवस्था में मिला, जिनके चेहरे पर खरोंच के गंभीर निशान थे। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस ने हत्या की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र डोबाल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि कॉलोनी निवासी दिनेश बंसल की शहर के डिस्पेंसरी रोड पर ‘बंसल बुक स्टोर’ नाम से प्रसिद्ध दुकान है। गुरुवार सुबह वह अपनी दुकान पर चले गए थे, जिसके बाद उनकी पत्नी रेखा बंसल घर में अकेली थीं। दोपहर करीब एक बजे रेखा बंसल की अपनी बेटी से फोन पर सामान्य बातचीत हुई थी। इसके कुछ देर बाद जब उनके पति ने कॉल किया तो कोई जवाब नहीं मिला, जिससे परिवार को अनहोनी की आशंका हुई।
शाम को जब पड़ोसियों ने घर जाकर देखा तो रेखा बंसल बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी हुई थीं। सूचना मिलते ही एसएसपी समेत पुलिस के आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम (Forensic Team) मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया। शुरुआती जांच में सामने आया कि घर की सभी अलमारियां और सामान पूरी तरह सुरक्षित हैं। बिस्तर की चादर पर भी कोई सलवटें नहीं मिलीं, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि बिना किसी संघर्ष के इस वारदात को अंजाम दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों का मानना है कि हत्यारा कोई परिचित हो सकता है जिसे घर में आसानी से प्रवेश मिल गया। मृतका के पति दिनेश बंसल ने पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण जानकारियां और संदिग्धों के बारे में इनपुट साझा किए हैं। पुलिस की कई विशेष टीमें सीसीटीवी फुटेज (CCTV Footage) खंगाल रही हैं और हर संभावित कोण से मामले की गहनता से जांच की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
