देहरादून
देहरादून में स्वाइन फ्लू का बड़ा विस्फोट, एक दिन में 49 मरीज मिले, कोरोना अलर्ट
देहरादून में स्वाइन फ्लू का प्रकोप बढ़ा। एक ही दिन में 49 नए मरीज मिले और कोरोना के 4 केस आने से हड़कंप मचा। जानिए सीएमओ की चेतावनी और जरूरी बचाव।
देहरादून। संक्रामक बीमारियों का खतरा लगातार गहराता जा रहा है। जिले में अचानक स्वाइन फ्लू (H1N1) के मरीजों की संख्या में भारी उछाल आया है। एक ही दिन में 49 नए मरीज पॉजिटिव पाए जाने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। इसके साथ ही कोरोना वायरस के भी चार नए मामले दर्ज किए गए हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) डॉ. मनोज शर्मा ने बताया कि बुधवार को कुल 83 सैंपलों की जांच की गई थी। इनमें से 49 मरीजों में स्वाइन फ्लू संक्रमण की पुष्टि हुई है। इन संक्रमितों में से 35 मरीज देहरादून जिले के स्थानीय निवासी हैं। जबकि 14 अन्य मरीज आसपास के दूसरे जिलों से इलाज कराने आए हैं।
अस्पतालों के आंकड़ों के अनुसार, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में सर्वाधिक 22 मरीज मिले हैं। इसके अलावा दून मेडिकल कॉलेज में 14 और बोंठियाल लैब में 5 नए केस आए हैं। एम्स ऋषिकेश में 4, एचआईएचटी जौलीग्रांट में 3 और सीएचसी डोईवाला में 1 मरीज दर्ज हुआ है। अब जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मामले बढ़कर 181 हो गए हैं।
दूसरी ओर, कोविड-19 के 47 सैंपलों की जांच में 4 नए मरीज सामने आए हैं। इनमें दून अस्पताल में दो, महंत इन्दिरेश और एम्स ऋषिकेश में एक-एक मरीज मिला है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव को इस संक्रमण के फैलने का मुख्य कारण माना जा रहा है।
सीएमओ डॉ. शर्मा ने लोगों से भीड़भाड़ वाले स्थानों में मास्क पहनने की अपील की है। बुखार, खांसी या सांस लेने में तकलीफ होने पर तुरंत डॉक्टर से सलाह लें। हाथों की साफ-सफाई और सामाजिक दूरी अपनाकर इस फ्लू से सुरक्षित बचा जा सकता है।
