देहरादून
ऋषिकेश नाबालिग दुष्कर्म मामला: होटल में तोड़फोड़, आरोपी समेत 3 गिरफ्तार
ऋषिकेश के होटल में 16 वर्षीय नाबालिग से दुष्कर्म पर गुस्सा फूटा। लोगों ने होटल में तोड़फोड़ की। पुलिस ने आरोपी और होटल संचालक समेत 3 को दबोचा।
ऋषिकेश। रेलवे रोड स्थित एक होटल में 16 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म की घटना से स्थानीय निवासियों में भारी रोष व्याप्त है। बीते 29 अगस्त को हुई इस वारदात के विरोध में मंगलवार को जनाक्रोश सड़क पर उतर आया। उग्र भीड़ ने घटना से जुड़े होटल में तोड़फोड़ की और उसे ध्वस्त करने तथा मुख्य आरोपी को फांसी की सजा देने की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया।
मंगलवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक रेलवे रोड पर एकत्र हुए। आक्रोशित लोगों ने होटल परिसर में जमकर हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक नवीन जोशी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। भीड़ ने होटल संचालक की संदिग्ध भूमिका पर सवाल उठाते हुए कड़े कदम उठाने की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी देकर लोगों को किसी तरह शांत कराया।
मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी सोफियान (निवासी जानसठ, मुजफ्फरनगर) को हरिद्वार से गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा, होटल प्रबंधन की गंभीर लापरवाही भी जांच में सामने आई है। बिना पहचान पत्र के कमरा देने और आरोपी द्वारा नाबालिग को ले जाते समय सीसीटीवी कैमरे बंद करने के आरोप में होटल संचालक राहुल अग्रवाल और मैनेजर वैभव गुप्ता को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है।
ऋषिकेश पुलिस ने क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियातन होटल को बंद कर दिया है और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहनता से विवेचना की जा रही है और दोषियों के खिलाफ अदालत में सख्त पैरवी कर कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
