देहरादून
बदरीनाथ हाईवे पर दर्दनाक हादसा: डंपर-कार टक्कर में भाई-बहन की मौत
बदरीनाथ हाईवे पर मालाकुंठी के पास डंपर और कार की भीषण टक्कर में सिंचाई विभाग के अधिकारी के बेटे-बेटी की मौत हो गई। हादसे में दो युवतियां घायल हुई हैं।
ऋषिकेश। बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मुनिकीरेती थाना क्षेत्र के अंतर्गत मालाकुंठी में एक अनियंत्रित डंपर और कार के बीच हुई भीषण टक्कर में कार सवार सगे भाई-बहन की मौत हो गई। मृतकों में श्रीनगर स्थित सिंचाई विभाग के प्रशासनिक अधिकारी के बेटा और बेटी शामिल हैं। हादसे के वक्त कार में मौजूद दो अन्य युवतियां गंभीर रूप से घायल हो गईं।
मुनिकीरेती पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह हादसा सुबह करीब 7:30 बजे हुआ। सिंचाई विभाग श्रीनगर में तैनात प्रशासनिक अधिकारी राकेश सेमवाल के 22 वर्षीय बेटे ऋषभ सेमवाल अपनी 24 वर्षीया बहन रक्षा सेमवाल को देहरादून से कीर्तिनगर छोड़ने जा रहे थे। कार में रानीहाट निवासी सुहानी (20) और विकासनगर निवासी इशानी (20) भी सवार थीं।
मालाकुंठी में एक तीखे मोड़ पर सामने से आ रहे डंपर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। ड्राइवर सीट पर बैठे ऋषभ और उनकी बहन रक्षा कार के मलबे में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया और सभी घायलों को ऋषिकेश स्थित एम्स (AIIMS) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने भाई-बहन को मृत घोषित कर दिया।
मुनिकीरेती के थानाध्यक्ष प्रदीप चौहान ने बताया कि मृतका रक्षा कीर्तिनगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में लैब टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ भी श्रीनगर सिंचाई विभाग में संविदा पर तैनात था। कार में सवार घायल दोनों युवतियों का उपचार जारी है और उनकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।
इस घटना के बाद से ही प्रशासनिक अधिकारी के परिवार में कोहराम मचा हुआ है और श्रीनगर क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने डंपर को कब्जे में लेकर चालक के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पहाड़ी मार्गों पर तीखे मोड़ों पर तेज रफ्तार और लापरवाही एक बार फिर दो मासूम जिंदगियों पर भारी पड़ गई।
