Connect with us

देहरादून

ऋषिकेश में दर्दनाक हादसा: अनियंत्रित डंपर झोपड़ी पर गिरा, महिला और चालक की मौत

Published

on

खबर शेयर करें 👉

ऋषिकेश के पास ब्रह्मानंद मोड़ पर एक तेज रफ्तार डंपर कंक्रीट डिवाइडर तोड़ते हुए झोपड़ी पर जा गिरा। हादसे में झोपड़ी में मौजूद महिला और डंपर चालक की मौत हो गई।

ऋषिकेश। उत्तराखंड के पर्वतीय और मैदानी मार्गों पर रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। तीर्थनगरी ऋषिकेश के पास शुक्रवार सुबह एक बेहद खौफनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहाँ एक तेज रफ्तार डंपर अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे भारी कंक्रीट डिवाइडरों को तोड़ते हुए सीधे 20 मीटर नीचे एक झोपड़ी पर जा गिरा। इस दर्दनाक हादसे में झोपड़ी के भीतर मौजूद महिला और डंपर चालक दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह दुखद घटना टिहरी जिले के अंतर्गत भद्रकाली तिराहे से आगे ब्रह्मानंद मोड़ के पास हुई, जो ऋषिकेश से मात्र दो किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक डंपर अत्यधिक गति में भद्रकाली से ब्रह्मानंद मोड़ की ओर आ रहा था। तभी अचानक तीखे मोड़ पर चालक वाहन से अपना नियंत्रण खो बैठा। डंपर सड़क किनारे सुरक्षा के लिए लगाए गए दो भारी-भरकम कंक्रीट डिवाइडरों को उखाड़ते हुए नीचे खेत में बनी झोपड़ी पर पलट गया।
हादसा इतना भयावह था कि डंपर के साथ गिरे कंक्रीट डिवाइडरों की चपेट में आने से झोपड़ी में मौजूद कौशल्या (42 वर्ष) की दबकर मौत हो गई। वहीं, डंपर के बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण उसके चालक ने भी मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए दौड़े और उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) को दी।
सूचना मिलते ही ढालवाला से इंस्पेक्टर कवींद्र सजवान के नेतृत्व में SDRF की टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस और रेस्क्यू टीम ने भारी कंक्रीट डिवाइडरों को हटाकर कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। मृतकों की पहचान चालक फारुख (निवासी लक्सर, हरिद्वार) और कौशल्या (निवासी शिवपुरी, ऋषिकेश) के रूप में हुई है। मुनिकीरेती पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

Select Language

Advertisement