देहरादून
ऋषिकेश में बड़ा हादसा: सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में बहे मेरठ के दो पर्यटक
ऋषिकेश के लक्ष्मण झूला क्षेत्र में बड़ा हादसा हुआ है। सिंगटाली झूला पुल के पास गंगा नदी में स्नान के दौरान मेरठ के एक महिला और पुरुष तेज बहाव में बह गए। पूरी खबर पढ़ें।
ऋषिकेश। तीर्थनगरी ऋषिकेश के थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्र के अंतर्गत सिंगटाली झूला पुल के पास गुरुवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ उत्तर प्रदेश के मेरठ से घूमने आए छह पर्यटकों के समूह में शामिल एक महिला और एक पुरुष गंगा नदी में स्नान के दौरान अचानक संतुलन खो बैठे। नदी का वेग अधिक होने के कारण दोनों देखते ही देखते पानी के तेज बहाव में बह गए। इस दर्दनाक घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मेरठ से आए सभी छह लोग सिंगटाली बाजार में अपनी कार पार्क करने के बाद झूला पुल पार कर नीचे गंगा घाट पर स्नान करने गए थे। इसी दौरान नदी की गहराई और तेज लहरों का अंदाजा न होने के कारण दोनों पर्यटक संतुलन खो बैठे। स्थानीय लोगों और साथियों द्वारा शोर मचाने पर घटना की सूचना तुरंत पुलिस प्रशासन और एसडीआरएफ (SDRF) को दी गई।
जल पुलिस और एसडीआरएफ ढालवाला व ब्यासी की टीमें सूचना मिलते ही तत्काल रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुँचीं। आपदा प्रबंधन की टीमों ने गंगा नदी की लहरों के बीच तुरंत संयुक्त सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। हालांकि, नदी का बहाव बेहद तेज होने के कारण देर शाम तक रेस्क्यू टीमों को दोनों का कोई सुराग नहीं मिल पाया था। अंधेरा होने के कारण अभियान में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बताया जा रहा है कि ऋषिकेश घूमने आए ये सभी छह लोग मेरठ स्थित ‘दास हुंडई शोरूम’ में एक साथ काम करते हैं। कंपनी में छुट्टी होने के चलते सभी दोस्त मिलकर उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्रों में सैर-सपाटे के लिए निकले थे। गंगा में बहने वाले पर्यटकों की पहचान 30 वर्षीय ऋतु (पत्नी वांशिक माहेश्वरी, निवासी मेरठ) और 42 वर्षीय नरेश उपाध्याय (निवासी जागेठी गांव, कंकरखेड़ा, मेरठ) के रूप में हुई है।
लक्ष्मण झूला थाना पुलिस ने इस दुखद हादसे की आधिकारिक सूचना मेरठ में रह रहे पीड़ितों के परिजनों को दे दी है। खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया है और परिजन ऋषिकेश के लिए रवाना हो चुके हैं। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें शुक्रवार सुबह से दोबारा गंगा नदी के विभिन्न घाटों और संवेदनशील मोड़ों पर मुस्तैदी के साथ व्यापक सर्च अभियान चला रही हैं।
