Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में चलती कार से गिरकर युवक की संदिग्ध मौत, तड़पता छोड़ भागे दोस्त

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के काठगोदाम में जन्मदिन पार्टी के बाद चलती कार से गिरकर 21 वर्षीय पुष्कर कोहली की मौत। दोस्त मौके से फरार, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका।

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दोस्तों के साथ जन्मदिन का जश्न मनाने गए 21 वर्षीय पुष्कर कोहली की चलती कार से नीचे गिरकर संदिग्ध परिस्थितियों में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद सबसे अमानवीय पहलू यह सामने आया कि उसके साथी घायल पुष्कर को अस्पताल पहुंचाने के बजाय सड़क पर तड़पता छोड़कर कार समेत फरार हो गए।
मृतक पुष्कर कोहली काठगोदाम के तुलसी नगर (पाली सीट) का निवासी था और एक निजी स्कूल बस में कंडक्टर के रूप में कार्यरत था।
मिली जानकारी के मुताबिक गुरुवार शाम वह अपने चार दोस्तों के साथ बर्थडे पार्टी में शामिल होने निकला था। देर रात लगभग 3 बजे तक सभी युवक कार में शहरभर में घूमते रहे और नशे की हालत में सोशल मीडिया पर वीडियो बनाते रहे। घटना से संबंधित एक वीडियो भी सार्वजनिक हुआ है, जिसमें युवक चलती गाड़ी में शराब पीते नजर आ रहे हैं। जमरानी कॉलोनी (पनचक्की) के समीप पुष्कर अचानक चलती कार के दरवाजे से सड़क पर आ गिरा। दोस्तों का दावा है कि दरवाजा अचानक खुलने से हादसा हुआ, जबकि परिजनों का कहना है कि यह दुर्घटना नहीं बल्कि हत्या की सोची-समझी साजिश है।
स्थानीय निवासियों की सूचना पर पहुंची काठगोदाम पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, अत्यधिक खून बहने और सिर पर गंभीर चोट के कारण डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बेटे की अचानक मौत से परिवार में गहरा शोक व्याप्त है और परिजनों ने आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग उठाई है।
पुलिस प्रशासन ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारी कार सवार चारों दोस्तों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तैयारी कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज, वायरल वीडियो और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की वास्तविक सच्चाई जल्द उजागर होने की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें 👉  हल्द्वानी में बिजली कटौती और गरीबों की छत उजाड़ने के विरोध में यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, सीएम का पुतला फूंका

Select Language

Advertisement