नैनीताल जिले की 6 विधानसभाओं में मतदान व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए निर्वाचन आयोग ने नए मतदान केंद्र, भवन परिवर्तन और संशोधनों के प्रस्तावों को मंजूरी दी
नैनीताल। आगामी चुनावों की तैयारियों के बीच नैनीताल जिले में मतदान व्यवस्था को अधिक सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए भारत निर्वाचन आयोग ने बड़ा फैसला लिया है। आयोग ने जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों को अपनी मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के तहत जर्जर भवनों के स्थान पर नए भवनों में मतदान केंद्र बनाए जाएंगे और मतदाताओं की सुविधा के लिए नए अनुभाग भी जोड़े जाएंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी नैनीताल की ओर से जारी सूचना के अनुसार लालकुआं, भीमताल, नैनीताल, हल्द्वानी, कालाढूंगी और रामनगर विधानसभा क्षेत्रों में संशोधन के प्रस्तावों को स्वीकृति मिली है। जिले के कुल 1068 मतदेय स्थलों में से कई स्थानों पर भवन परिवर्तन, नाम संशोधन और दूरी के आधार पर नए केंद्र बनाने की व्यवस्था की गई है। इस बदलाव से मतदाताओं को लंबी पैदल दूरी और जर्जर भवनों से मुक्ति मिलेगी।
विधानसभा वार आंकड़ों के मुताबिक हल्द्वानी में विद्यालय बंद होने और भवन परिवर्तन के 8 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए हैं। भीमताल में भवन परिवर्तन के 2 और नए अनुभाग का 1 प्रस्ताव मंजूर हुआ है। कालाढूंगी में पैदल दूरी कम करने के लिए 5 नए मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जबकि रामनगर में 6 नए अनुभाग और 2 नाम संशोधन स्वीकृत किए गए हैं। वहीं लालकुआं और नैनीताल विधानसभा क्षेत्रों में किसी बदलाव का प्रस्ताव नहीं है।
इस पूरी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य 1150 से अधिक मतदाताओं वाले केंद्रों पर भीड़ को नियंत्रित करना और दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाले मतदाताओं को राहत देना है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि आयोग से स्वीकृत मतदेय स्थलों की विस्तृत सूची जिला निर्वाचन कार्यालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है, जिसे आम नागरिक ऑनलाइन देख सकते हैं।