Report by : CWN Desk
Published at :

भैया दूज पर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बाबा केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद हुए। 19 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने इस वर्ष दर्शन किए।

देहरादून। सनातन धर्मावलंबियों के आस्था के प्रतीक बाबा केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए आधिकारिक रूप से बंद कर दिए गए हैं। भैया दूज के पावन अवसर पर बुधवार सुबह 8:30 बजे वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे धार्मिक अनुष्ठानों के साथ कपाट बंद करने की प्रक्रिया पूरी की गई। इस पावन और भव्य क्षण के साक्षी बनने के लिए धाम में पांच हजार से अधिक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
कपाटबंदी का कार्यक्रम सुबह पांच बजे से ही बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना के साथ शुरू हो गया था। मुख्य पुजारी और वेदपाठियों ने गर्भगृह में सभी धार्मिक परंपराएं निभाईं। कपाट बंद होने के बाद बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली को उनके शीतकालीन प्रवास स्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ के लिए रवाना कर दिया गया। अगले छह महीनों तक श्रद्धालु ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर में ही भगवान केदारनाथ के दर्शन और पूजा कर सकेंगे।
इस वर्ष की चारधाम यात्रा बाबा केदार के भक्तों के लिए बेहद खास और रिकॉर्ड तोड़ रही। 22 अप्रैल को कपाट खुलने से लेकर अब तक 19 लाख 27 हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। यह संख्या पिछले वर्ष की तुलना में लगभग डेढ़ लाख अधिक है। प्रशासन और तीर्थ पुरोहितों ने इस सफल एवं सुरक्षित यात्रा संचालन पर खुशी जताई है।
उत्तराखंड के अन्य प्रमुख धामों में भी कपाटबंदी की प्रक्रिया जारी है। गंगोत्री धाम के कपाट मंगलवार को ही बंद किए जा चुके हैं, जबकि यमुनोत्री धाम के कपाट बुधवार सुबह 10:28 बजे बंद किए गए। वहीं, चारधाम में प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम के कपाट आगामी 16 नवंबर को रात 9:37 बजे शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे, जिसके साथ ही इस वर्ष की चारधाम यात्रा संपन्न हो जाएगी।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›