Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी में मंदिर का ताला तोड़कर चोरी करने वाला शातिर युवक गिरफ्तार, सामान बरामद

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी पुलिस ने मंगल पड़ाव शिव मंदिर में हुई चोरी का खुलासा किया है। 20 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर नकदी व पीतल-तांबे के बर्तन बरामद किए गए।

हल्द्वानी। कोतवाली पुलिस ने मंगल पड़ाव स्थित प्रसिद्ध शिव मंदिर में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा कर दिया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सटीक सुरागरसी के आधार पर 20 वर्षीय एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से मंदिर से चोरी किया गया सामान और नकद राशि बरामद की गई है।
दानपात्र और अलमारी का ताला तोड़कर की थी चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 5 सितंबर 2026 को मंगल पड़ाव निवासी गिरीश गिरी गोस्वामी ने कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने पुलिस को बताया कि अज्ञात चोर ने शिव मंदिर के दानपात्र और अलमारी के ताले तोड़कर नकदी तथा पूजा के बर्तन चोरी कर लिए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
सीसीटीवी फुटेज से मिली आरोपी की लोकेशन
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे कई सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। लगातार पतारसी के बाद 7 सितंबर को पुलिस टीम ने डीके पार्क के पास से आरोपी हनी सिंह (20 वर्ष), निवासी बनभूलपुरा को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 2,808 रुपये नकद, तांबे के लोटे, पीतल के बर्तन और 13 घंटियां बरामद की गईं।
पुलिस टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना
हल्द्वानी पुलिस अधीक्षक और प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में उपनिरीक्षक दीपक सिंह कार्की, हेड कांस्टेबल सुंदर कोहली और उनकी टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। आरोपी के पास से माल बरामदगी के बाद मुकदमे में संबंधित धाराएं बढ़ाकर उसे न्यायालय में पेश करने की अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Select Language

Advertisement