Report by : CWN Desk
Published at :
रामनगर में फूड पॉइजनिंग, दूल्हा-दुल्हन समेत 100 लोग बीमार

रामनगर: रामनगर के ढिकुली क्षेत्र स्थित इंडोपैसेफिक प्राइवेट तरंगी रिजॉर्ट में आयोजित एक शादी समारोह में खाद्य पदार्थ खराब होने के कारण सौ से अधिक लोगों की तबीयत खराब हो गई। इस घटना के बाद हड़कंप मच गया और पीड़ितों ने मुख्यमंत्री से शिकायत की।
शनिवार को दिल्ली से आए सार्थक और तनवी की शादी थी। शादी समारोह में शामिल हुए लोगों ने बताया कि खाने के बाद उन्हें उल्टी और दस्त की समस्या शुरू हो गई। दुल्हन भी इस समस्या से प्रभावित हुई।


इस घटना के बाद पीड़ितों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई। दूल्हे के दोस्त शिवांश गुप्ता ने इस मामले की शिकायत मुख्यमंत्री से की। शिकायत के आधार पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) डॉ. हरीश पंत ने सोमवार को दो डिप्टी सीएमओ को जांच के लिए रिजॉर्ट भेजा।
जांच टीम ने रिजॉर्ट से पानी और खाद्य पदार्थों के नमूने लिए हैं। सीएमओ ने बताया कि नमूनों की रिपोर्ट कुछ दिनों में आ जाएगी। अगर रिपोर्ट में पानी दूषित पाया जाता है तो रिजॉर्ट स्वामी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दूसरी ओर, रिजॉर्ट के निदेशक वसीम अहमद ने आरोपों से इनकार किया है। उन्होंने कहा कि यह सब रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद का नतीजा है और उनकी रिजॉर्ट की छवि खराब करने की साजिश रची जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›