Report by : CWN Desk
Published at :
देहरादून में रोड चेकिंग में दिल्ली नंबर की कार से 30 लाख रुपये नकदी बरामद

कार सवारों को हिरासत में लेकर पूछताछ, नकदी आयकर विभाग के सुपुर्द
देहरादून। आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दून पुलिस ने शराब, नकदी आदि के परिवहन के विरुद्ध सघन चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। राजपुर रोड पर चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक दिल्ली नंबर की कार को रोका गया, तलाशी लेने पर कार में 30 लाख रुपये नकदी बरामद हुई।
कार सवार नकदी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सका। जिस पर पुलिस ने नकदी जब्त कर आयकर विभाग को सूचना दे दी। कार में महिला समेत पांच व्यक्ति सवार थे, जिनमें से दो दून निवासी और तीन दिल्ली निवासी हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय सिंह ने बताया कि आगामी लोकसभा निर्वाचन के दृष्टिगत जिले में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। मादक पदार्थ से लेकर नकदी के परिवहन को रोकने के लिए संदिग्ध वाहनों व व्यक्तियों पर नजर रखी जा रही है।
बुधवार को शहर कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि दिल्ली में पंजीकृत एक कार में पांच व्यक्ति भारी मात्रा में नकदी लेकर राजपुर रोड की ओर जा रहे हैं। जिस पर पुलिस टीम ने दिलाराम चौक से बहल चौक के बीच दिल्ली नंबर के वाहनों की चेकिंग की गई। इस दौरान आनंदम स्वीट शाप के पास दिल्ली की एक कार को रोका गया।
वाहन सवारों से पूछताछ में उन्होंने अपनी पहचान अमर सिंह, अंबरीश गोयल निवासीगण ओल्ड राजपुर रोड देहरादून, अश्विनी कोहली, पीयुष कोहली व तान्या कोहली निवासीगण जनक पार्क हरिनगर नई दिल्ली बताई।
वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस टीम को दो बैगों में कुल 30 लाख रुपये नकदी प्राप्त हुई। जिसके संबंध में पूछताछ करने पर कार सवार कोई संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाए। बरामद नकदी को जब्त कर पुलिस ने आयकर विभाग को सूचना दी। साथ ही कार सवारों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›