Report by : CWN Desk
Published at :
बागेश्वर: इमर्शन रॉड से करंट लगने से 42 वर्षीय ग्रामीण की मौत, भनार गांव में मातम

बागेश्वर के कपकोट, भनार गांव में इमर्शन रॉड से नहाने का पानी गर्म कर रहे 42 वर्षीय राजेंद्र सिंह की करंट लगने से मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

बागेश्वर। जनपद बागेश्वर के कपकोट ब्लॉक स्थित बिचला दानपुर के भनार गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। नहाने का पानी गर्म करते समय करंट लगने से एक 42 वर्षीय ग्रामीण की मौत हो गई। इस घटना से पूरे भनार गांव और मृतक के परिवार में मातम छा गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, भनार के भौरानी तोक निवासी राजेंद्र सिंह (42) पुत्र स्व. केशर सिंह ने नहाने के लिए पानी गर्म करने हेतु इमर्शन रॉड (Immersion Rod) का इस्तेमाल किया था। रॉड निकालते समय उन्हें अचानक करंट का जोरदार झटका लगा और वह बेहोश होकर फर्श पर गिर गए।
जब काफी देर तक राजेंद्र सिंह बाथरूम से बाहर नहीं निकले, तो चिंतित परिजनों ने उन्हें आवाज़ दी। भीतर से कोई प्रतिक्रिया न मिलने पर परिजनों ने दरवाजा तोड़ा। वे उन्हें तुरंत बेहोशी की हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कपकोट ले गए। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। थानाध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि करंट के झटके से फर्श पर गिरने के कारण उनके सिर पर भी चोट आई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है, जिसका पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। मृतक राजेंद्र सिंह खेतीबाड़ी और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›