Connect with us

हल्द्वानी

नैनीताल दुग्ध संघ की 75वीं वार्षिक निकाय बैठक संपन्न, पारित हुआ ₹277.84 करोड़ का बजट, दुग्ध उत्पादकों को मिलेगा दो रुपये प्रति लीटर अतिरिक्त लाभ

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी। नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड, लालकुआँ की 75वीं वार्षिक सामान्य निकाय बैठक एवं डायमंड जुबली समारोह शनिवार को हल्द्वानी स्थित संकल्प बैंक्विट हॉल में भव्य रूप से आयोजित हुआ। इस अवसर पर वर्ष 2025-26 के लिए ₹277.84 करोड़ का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। कार्यक्रम में दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, हल्द्वानी के मेयर गजराज सिंह बिष्ट, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल, संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा, सामान्य प्रबंधक अनुराग शर्मा सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2022-23 के संतुलन पत्र, उत्पादन एवं व्यापार खाता, लाभ-हानि खाता और लेखा परीक्षा प्रमाणपत्र की पुष्टि की गई। साथ ही वर्ष 2024-25 की कार्ययोजना को भी स्वीकृति प्रदान की गई। अध्यक्ष मुकेश बोरा ने बताया कि संघ निरंतर नई बुलंदियों को छू रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और कृषि एवं दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के मार्गदर्शन में लालकुआँ में एक आधुनिक दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जा रहा है, जिसका उत्पादन शीघ्र शुरू होगा। दुग्ध उत्पादकों के हित में प्रति लीटर दो रुपये अतिरिक्त दर देने का निर्णय लिया गया है, जिससे किसानों की आय में वृद्धि होगी।
बैठक में यह भी तय हुआ कि वर्ष 2017-18 से 2022-23 तक के हिस्से का ₹1.30 करोड़ से अधिक लाभांश सदस्यों को भुगतान किया जाएगा। संघ के कर्मचारियों के वेतन ग्रेड संशोधन, सातवें वेतनमान के लंबित एरियर भुगतान, तथा कामगारों के मानदेय वृद्धि के प्रस्ताव भी पारित किए गए। इसके अलावा अत्याधुनिक डेयरी प्लांट में नई मशीनरी और प्रशासनिक भवन की स्थापना, साथ ही कालाढूंगी में दुग्ध अवशीतन केंद्र के विस्तार हेतु भूमि क्रय को मंजूरी दी गई।
इस अवसर पर उत्कृष्ट दुग्ध उत्पादकों और समितियों को सम्मानित किया गया। गोकुल श्री पुरस्कार लालूपुर बॉसीटीला समिति के कृपाल सिंह को मिला, जिन्होंने 68,526 लीटर दूध की आपूर्ति कर संघ को ₹26 लाख से अधिक का योगदान दिया। महिला वर्ग में गंगा देवी, हिमानी बिष्ट और दीपा देवी, जबकि पुरुष वर्ग में हरेन्द्र सिंह जीना, बराना बल्ल और हरिकिशन बहुगुणा को क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान मिला। पर्वतीय क्षेत्र की गहना, बबियाड और पलड़ा समितियों तथा मैदानी क्षेत्र की विन्दुखेड़ा, संजयनगर और खुर्पाताल समितियों को भी सम्मानित किया गया।
अंत में अध्यक्ष मुकेश बोरा ने सभी अतिथियों, सदस्यों और दुग्ध उत्पादकों का आभार व्यक्त करते हुए संघ को प्रदेश की दुग्ध क्रांति का अग्रदूत बनाने का संकल्प दोहराया।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement