Report by : Paras Bisht
Published at :
नैनीताल की टॉपर आयुषी भट्ट को उत्तराखंड सरकार ने किया सम्मानित, बालिका दिवस पर मिला स्मार्टफोन पुरस्कार

लालकुआं। अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर नैनीताल जनपद की इंटरमीडिएट टॉपर आयुषी भट्ट को उत्तराखंड सरकार द्वारा सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अगुवाई में शनिवार को मुख्यमंत्री कैम्प कार्यालय, मुख्य सेवक सदन में आयोजित बालिका शिक्षा प्रोत्साहन कार्यक्रम के दौरान महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने राज्यभर की मेधावी बालिकाओं को सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रत्येक जनपद की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की तीन-तीन टॉपर छात्राओं को स्मार्टफोन और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।

नैनीताल जनपद से इंटरमीडिएट परीक्षा में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने वाली आयुषी भट्ट, जो लालकुआं आदर्श प्रेस क्लब के अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार बीसी भट्ट और गीता भट्ट की पुत्री हैं, को यह सम्मान देकर मंत्री रेखा आर्या ने प्रोत्साहित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रदेश की बालिकाएं शिक्षा, विज्ञान, कला और खेलकूद के क्षेत्र में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो उत्तराखंड के उज्ज्वल भविष्य की पहचान है।

सम्मान पाकर आयुषी भट्ट ने कहा कि यह उपलब्धि उनके माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा बालिकाओं को प्रोत्साहन देने की यह पहल समाज में बेटियों के प्रति सकारात्मक सोच को मजबूत करेगी। आयुषी की इस सफलता पर पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों, शिक्षकों और पत्रकार समुदाय ने आयुषी को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›