Report by : CWN Desk
Published at :
हल्द्वानी ट्रांसपोर्ट नगर में दबंगई, किरायेदार को पीटा, फिर पिटबुल कुत्ते से करवाया हमला

हल्द्वानी। ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक व्यवसायी पुत्र की गुंडई ने व्यापारियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। मामला एक किरायेदार दुकानदार से मारपीट और पिटबुल कुत्ते से हमला करवाने का है। आरोप है कि आरोपी युवक ने अपने ही किरायेदार को दुकान से निकालने के लिए न सिर्फ तोड़फोड़ की, बल्कि उसके कर्मचारी पर पिटबुल नस्ल के कुत्ते से हमला करवाकर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
पीड़ित व्यापारी कमल पाल के मुताबिक, उन्होंने ट्रांसपोर्ट नगर मंडी बाईपास पर शराब भट्टी के पास एक दुकान किराए पर ली हुई है। इस दुकान का विधिवत किरायानामा भी किया गया है और एडवांस किराया भी दिया गया था। इसके बावजूद दुकान स्वामी का पुत्र लगातार गुंडई कर रहा है। कमल पाल ने बताया कि बीते दिन आरोपी युवक ने दुकान में घुसकर किराया मांगने के बहाने मारपीट की और दुकान का सामान तोड़फोड़ कर बाहर फेंक दिया। इस दौरान उसने जातिसूचक गालियां भी दीं।
कमल पाल ने बताया कि मारपीट के दौरान आरोपी ने उसके कर्मचारी पिंटू साहू पर कुत्ते से हमला करवाया, जिससे उसे कई जगह गंभीर चोटें आईं। उन्होंने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी, लेकिन कोई सहायता नहीं मिली। बाद में घायल कर्मचारी को रेबीज इंजेक्शन लगवाकर मेडिकल कराया गया।
पीड़ित ने मंडी चौकी में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है, लेकिन अब तक पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कमल पाल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं, फिर भी पुलिस प्रभाव में आकर निष्क्रिय बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि अब उन्हें और उनके परिवार को जान का खतरा है और उन्होंने प्रशासन से सुरक्षा व न्याय की मांग की है।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›