Connect with us

हल्द्वानी

हल्द्वानी के नशा मुक्ति केंद्र से आंखों में मिर्च झोंककर 8 युवक फरार, मची खलबली

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हल्द्वानी के काठगोदाम में नशा मुक्ति केंद्र के सुरक्षाकर्मियों की आंखों में मिर्च-नींबू का घोल डालकर 8 युवक फरार हो गए। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए सभी को बरामद किया।

हल्द्वानी। काठगोदाम क्षेत्र में स्थित एक निजी नशा मुक्ति केंद्र से सोमवार देर शाम आठ युवक सुरक्षाकर्मियों को चकमा देकर फरार हो गए। इस घटना के बाद पूरे इलाके और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों के भीतर सभी युवकों को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
काठगोदाम कोतवाली क्षेत्र के इस केंद्र में करीब दस युवक भर्ती थे, जो पिछले कई महीनों से वहाँ उपचाराधीन थे। सोमवार शाम जब केंद्र के मुख्य अधिकारी एक बैठक में गए थे, तभी युवकों ने भागने की योजना बनाई। उन्होंने वहां तैनात दो सुरक्षाकर्मियों की आंखों में मिर्च और नींबू का तीखा घोल झोंक दिया। आंखों में जलन होने के कारण जब तक सुरक्षाकर्मी संभल पाते, तब तक आठों युवक वहां से रफूचक्कर हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस तुरंत एक्शन में आ गई। सीओ अमित सैनी और एसएचओ जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस ने अलर्ट जारी कर गुमशुदगी दर्ज की। सघन चेकिंग अभियान चलाकर पुलिस ने दो युवकों को काठगोदाम क्षेत्र से ही दबोच लिया। इसके बाद बाकी बचे छह युवकों को पुलिस ने उनके घरों से ढूंढ निकाला, जो सितारगंज, पिथौरागढ़ और हल्द्वानी के रहने वाले हैं।
इस घटना ने हल्द्वानी के नशा मुक्ति केंद्रों की सुरक्षा और उनकी कार्यप्रणाली पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, इन केंद्रों में मरीजों को प्रताड़ित करने और मारपीट करने के आरोप अक्सर लगते रहते हैं। हाल ही में एक 17 वर्षीय किशोर की उपचार के दौरान मौत और साल 2023 में एक युवक की संदिग्ध हत्या जैसी घटनाओं के कारण यहाँ भर्ती मरीज किसी भी तरह बाहर भागने की फिराक में रहते हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement