Report by : CWN Desk
Published at :
हरिद्वार में 7 रजिस्ट्रार कानूनगो,36 राजस्व उपनिरीक्षक का तबादला

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा कर्मचारियों के कार्यों में पारदर्शिता, निष्पक्षता और दक्षता सुनिश्चित करने के निर्देशों के अनुपालन में हरिद्वार जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बंपर तबादलों के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने बताया कि यह निर्णय कर्मचारियों को अनुभव और विकास के समान अवसर देने तथा प्रशासनिक प्रबंधन को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने उत्तराखंड ट्रांसफर एक्ट के तहत 5 साल से एक ही तहसील में कार्यरत 7 रजिस्ट्रार कानूनगो का तबादला एक तहसील से दूसरी तहसील में किया है। इसके अलावा 36 राजस्व उपनिरीक्षक एवं लेखपालों का तबादला भी एक तहसील से दूसरी तहसील में किया गया है, जबकि 3 लेखपालों को उनके अनुरोध पर अन्य तहसीलों में स्थानांतरित किया गया है।
जिलाधिकारी ने सभी तबादला प्राप्त कार्मिकों को तत्काल अपने नवीन तैनाती स्थल पर योगदान आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं ताकि कार्य में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि अन्य विभागों के कर्मचारियों, जैसे 4 साल से अधिक समय से एक ही विकास खंड में तैनात वीडीओ तथा वीपीडीयो आदि के स्थानांतरण की प्रक्रिया भी शीघ्र ही पूरी की जाएगी, ताकि विकास कार्यों में पारदर्शिता और संतुलन सुनिश्चित किया जा सके। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे सरकार की मंशा के अनुरूप पारदर्शिता, निष्पक्षता और उत्तरदायित्व का निर्वहन करते हुए जनहित में कार्य करें।

Follow CWN TODAY on WhatsAppJoin ›