Connect with us

हरिद्वार

हरिद्वार में ऑल इंडिया बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट का आगाज, मंत्री सुबोध उनियाल ने किया उद्घाटन

Published

on

खबर शेयर करें 👉

हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट शुरू। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल और मदन कौशिक ने खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह।

हरिद्वार: कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने किया ऑल इंडिया बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट का शुभारंभ, 13 टीमें ले रही हैं हिस्सा
हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन द्वारा आयोजित ‘मां गंगा ऑल इंडिया इन्विटेशनल बॉस्केटबॉल टूर्नामेंट’ का भव्य आगाज हो गया है। सोमवार को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने रिबन काटकर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया। इस अवसर पर नगर विधायक मदन कौशिक, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा और मेयर किरण जैसल सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
टूर्नामेंट के उद्घाटन अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखने और जीवन में अनुशासित रहकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने देश भर से आई टीमों का स्वागत किया और खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पहले दिन के रोमांचक मुकाबले
प्रतियोगिता के पहले दिन पुरुष और महिला वर्ग में कांटे की टक्कर देखने को मिली। पुरुष वर्ग का पहला मैच सीआईएसएफ (CISF) और वेस्टर्न कमांड के बीच खेला गया, जिसमें वेस्टर्न कमांड ने शानदार तालमेल दिखाते हुए 80-66 से जीत दर्ज की। वहीं, महिला वर्ग में सेंट्रल रेलवे और नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के बीच कड़ा मुकाबला हुआ, जिसमें नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे की टीम 66-55 के स्कोर से विजयी रही।
खिलाड़ियों को मिल रहा प्रोत्साहन
शहर विधायक मदन कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार खेलों को निरंतर प्रोत्साहित कर रही है। हरिद्वार में इस स्तर के आयोजन से स्थानीय उभरते खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर के दिग्गजों से सीखने का मौका मिलेगा। जिला बॉस्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष ललित नैय्यर ने बताया कि हरिद्वार में पहली बार इस स्तर पर महिला टीमों की भागीदारी के साथ ऑल इंडिया टूर्नामेंट आयोजित किया जा रहा है, जो क्षेत्र में बॉस्केटबॉल के प्रति नई ऊर्जा भरेगा।
कार्यक्रम में एसोसिएशन के प्रदेश उपाध्यक्ष विकास तिवारी, जिला सचिव संजय चौहान और जिला चेयरमैन रवि बजाज ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान स्वामी शरदपुरी महाराज, विश्व हिंदू परिषद के प्रांत संगठन मंत्री अजय कुमार सहित भारी संख्या में खेल प्रेमी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement