Connect with us

हल्द्वानी

रामपुर की दुष्कर्म पीड़िता ने हल्द्वानी में तोड़ा दम, शादी का झांसा देकर हुआ था शोषण

Published

on

खबर शेयर करें 👉

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म के बाद रामपुर की पीड़िता ने आत्मदाह का प्रयास किया था, हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में मौत।

हल्द्वानी/रामपुर: शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण और फिर धोखे से आहत रामपुर की एक दुष्कर्म पीड़िता ने जिंदगी और मौत की जंग हार दी है। करीब 20 दिनों तक हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल में जिंदगी के लिए संघर्ष करने के बाद शुक्रवार रात किशोरी ने दम तोड़ दिया। पीड़िता ने आरोपी युवक द्वारा शादी से साफ इनकार करने और धमकी देने के बाद खुद पर डीजल छिड़ककर आग लगा ली थी, जिससे उसका शरीर बुरी तरह झुलस गया था।
डेढ़ साल से शादी का झांसा दे रहा था 36 वर्षीय आरोपी
शनिवार को हल्द्वानी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतका के बड़े भाई ने इस पूरे मामले की दिल दहला देने वाली दास्तां बयां की। भाई के मुताबिक, उसकी 17 वर्षीय नाबालिग बहन का पिछले डेढ़ साल से कॉलोनी में रहने वाले बरेली (शीशगढ़) के एक 36 वर्षीय युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। आरोपी युवक इलाके में ही एक परच्यून की दुकान चलाता है। आरोप है कि वह शादी का झांसा देकर लगातार किशोरी को अलग-अलग जगहों पर घुमाता रहा और उसका शोषण करता रहा।
रुद्रपुर लाकर बनाए संबंध, फिर जान से मारने की दी धमकी
परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के अनुसार, बीती 25 अप्रैल को आरोपी युवक किशोरी को बहला-फुसलाकर उत्तराखंड के रुद्रपुर लेकर आया था। यहां उसने किशोरी के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए। इसके ठीक अगले दिन, यानी 26 अप्रैल को जब किशोरी ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी ने शादी करने से साफ तौर पर मना कर दिया। यही नहीं, आरोपी युवक ने पीड़िता को मुंह खोलने या किसी को कुछ भी बताने पर जान से मारने की गंभीर धमकी भी दी।
आहत होकर किशोरी ने खुद को लगाई आग, बर्न वार्ड में हुई मौत
धमकी और धोखे से बुरी तरह टूट चुकी किशोरी ने 26 अप्रैल की रात, जब परिवार के लोग एक शादी समारोह में गए हुए थे, आरोपी से फोन पर बात करने के बाद खुद पर डीजल डालकर आग लगा ली। गंभीर हालत में परिजन उसे तुरंत रामपुर जिला अस्पताल ले गए, जहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए 27 अप्रैल को उसे हल्द्वानी के डॉ. सुशीला तिवारी अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया था। अस्पताल के बर्न वार्ड में लंबे इलाज के बाद आखिरकार उसने दम तोड़ दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Click to comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Select Language

Advertisement