सीएम ने सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों, सड़कों की मरम्मत और कुंभ 2027 की तैयारियों की समीक्षा की और दिए सख्त निर्देश।
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। इस बैठक में विकास कार्यों, जनसुविधाओं, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों, आपदा प्रबंधन और कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
सड़कों की खस्ता हालत पर कड़ा रुख अपनाते हुए सीएम ने अधिकारियों को आदेश दिया कि सड़कों को गड्ढामुक्त बनाने के काम में तेजी लाई जाए। सीवर और पेयजल पाइपलाइन के सभी अधूरे कार्य 1 नवंबर तक हर हाल में पूर्ण कर लिए जाएं और इसके बाद सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। लापरवाही या गुणवत्ता में कमी मिलने पर संबंधित अधिकारियों की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी।
बैठक में स्वच्छता व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, राजस्व मामलों का समय पर निस्तारण करने और मतदाता सूची में पात्र नागरिकों के नाम जोड़ने पर विशेष जोर दिया गया। इसके अलावा पुलिस थानों में आने वाले हर फरियादी की शिकायत पर त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
कुंभ मेला 2027 की तैयारियों की साप्ताहिक समीक्षा करने, आपदा प्रभावितों को तुरंत राहत पहुंचाने और दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह खुद सड़क मार्ग से प्रदेश का दौरा कर निर्माण कार्यों और सड़कों की गुणवत्ता का स्थलीय निरीक्षण करेंगे।
