चमोली/उत्तरकाशी/रुद्रप्रयाग/टिहरी/पौड़ी
पौड़ी-देवप्रयाग हाईवे पर भीषण सड़क हादसा: कुंडाधार में खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के 6 लोगों की मौत
पौड़ी-देवप्रयाग हाईवे पर कुंडाधार के पास बोलेरो खाई में गिरने से लक्सर निवासी परिवार के 6 लोगों की मौत, 1 घायल। पढ़ें रेस्क्यू अपडेट और घटना की पूरी जानकारी।
पौड़ी। पौड़ी-देवप्रयाग स्टेट हाईवे पर कुंडाधार के समीप एक दर्दनाक दुर्घटना में बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गया। इस भीषण सड़क हादसे में हरिद्वार जिले के लक्सर क्षेत्र निवासी एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं हादसे में एक बालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही पौड़ी पुलिस, टिहरी पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। हादसास्थल पर खाई की अत्यधिक खड़ी चढ़ाई होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में पुलिसकर्मियों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। राहत टीमों ने खाई में उतरकर शवों को बाहर निकाला और घायल बच्चे को तुरंत उपचार के लिए भिजवाया।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार घायल बालक को 108 एंबुलेंस सेवा से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बागी पहुंचाया गया। हालत नाजुक होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए श्रीनगर बेस चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। देवप्रयाग पुलिस के अधिकारियों के मुताबिक जिस जगह यह हादसा हुआ, वहां सड़क काफी चौड़ी और पक्की है। ऐसे में प्राथमिक जांच में दुर्घटना का कारण तेज रफ्तार माना जा रहा है।
मृतक परिवार हरिद्वार जिले के ग्राम रायपुर जीतपुर (लक्सर) का निवासी था। यह परिवार ठेकेदारी व वेल्डिंग का कार्य करता था और किसी कार्यवश हरिद्वार से पौड़ी की तरफ जा रहा था। हादसे की खबर मिलते ही गांव रायपुर जीतपुर में मातम छा गया है। पुलिस ने सभी मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
